One Nation One Ration Card: ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ स्कीम में अब चार और राज्य भी शामिल हो गए हैं। केंद्रीय खाद्य और सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामले के मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी साझा की। जम्मू और कश्मीर, मणिपुर, नागालैंड और उत्तराखंड को मिलाकर, राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी प्लेटफॉर्म पर अब राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की संख्या 24 हो गई है।
सरकार का लक्ष्य है कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 31 मार्च, 2021 तक इस स्कीम में शामिल करना है।इससे पहले आंध्र प्रदेश, बिहार, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, गुजरात, केरल, महाराष्ट्र, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश सहित 20 राज्य और संघ शासित प्रदेश इसमें शामिल हो चुके हैं।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘चार राज्यों के जुड़ने के साथ ही एनएफएसए से जुड़े कुल लाभार्थियों की आबादी का लगभग 65 करोड़ (80%) अब राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी के माध्यम से इन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में कहीं भी राशन ले सकते हैं।’
बता दें कि इस योजना के तहत राशनकार्ड लाभार्थी देश के किसी भी हिस्से में राशन की दुकानों से सब्सिडी वाला अनाज खरीद सकते हैं। इसके लिए उन्हें नए राशन कार्ड के लिए भी अप्लाई नहीं करना होता। पहले एक राज्य का लाभार्थी दूसरे राज्य में जाता था तो उसे सब्सिडी वाला अनाज नहीं मिलता था।
लेकिन इस व्यवस्था के लागू होते ही देश के किसी भी राज्य (जिसमें योजना लागू है) में सब्सिडी वाला राशन लिया जा सकता है। मालूम हो कि राशन कार्ड के जरिए सस्ती दर पर अनाज उपलब्ध करवाया जाता है। कार्ड राज्य सरकारों द्वारा जारी किया जाता है।