लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एलआईसी) देश की सबसे भरोसेमंद बीमा कंपनी मानी जाती है। कंपनी ने हाल में अपनी एक बंद हो चुकी पॉपुलर पॉलिसी को फिर से शुरू किया है। इस पॉलिसी के जरिए निवेशकर्ता एकमुश्त निवेश के बाद प्रति माह पेंशन पा सकते हैं। यह एक एन्यूटी प्लान है और कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली पॉलिसी है।

कंपनी की यह पॉलिसी निवेशकर्ताओं को आजीवन पेंशन मुहैया करवाती है। इस पॉलिसी की अन्य खासियतों और शर्तों की बात करें तो वार्षिक, अर्धवार्षिक, तिमाही और मासिक आधार पर पेंशन पाने की सुविधा मिलती है। कोई भी दो सदस्य इसमें ज्वाइंट एन्यूटी ले सकते हैं।

यानी दो व्यक्ति एकसाथ पेंशन का लाभ ले सकते हैं। कोई भी भारतीय नागरिक इस पॉलिसी में निवेश के लिए पात्र माना गया है। पॉलिसी जारी होने की तारीख से 3 महीने बाद लोन सुविधा भी मिलती है। न्यूनतम एक लाख रुपये निवेश जरूरी है तो वहीं न्यूनतम सालाना पेंशन 12 हजार रुपये है। इस पॉलिसी में पेंशन पाने के 10 अलग-अलग विकल्प मिलते हैं।

इनमें से एक विकल्प ‘Annuity Payable for Life at a Uniform Rate’ (जीवन भर पेंशन पॉलिसी लेने के तुरंत बाद ‘A’) विकल्प है। इसके विकल्प को चुनने के बाद तुरंत पेंशन पाई जा सकती है। इसे इस उदाहरण से समझें:-

उम्र: 67
सम एश्योर्ड: 500000
एकमुश्त प्रीमियम: 509000

पेंशन:
वार्षिक: 46475
अर्धवार्षिक: 22663
तिमाही: 11200
मंथली: 3702

उपरोक्त उदाहरण के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति 67 साल की उम्र में इस पॉलिसी में निवेश करता है और 500000 का सम एश्योर्ड चुनता है तो उसे कुल 509000 रुपये का एक प्रीमियम भरना होगा। इसके बाद हर महीने 3702 रुपये पेंशन के रूप में मिलेंगे। पॉलिसीधारक को यह लाभ तब तक मिलेगा जब तक की वह जीवित रहता है।