झारखंड के राज्य कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जल्द ही उन्हें राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलने जा रहा है। इस योजना के तहत कर्मचारियों को हर वर्ष 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। वहीं, गंभीर बीमारियों के मामलों में यह कवरेज 10 लाख रुपए तक होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू करने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है।
कैबिनेट से मंजूरी के बाद होगी शुरुआत
जल्द ही इस प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 31 जुलाई 2023 को जारी संकल्प संख्या-185(13) के तहत इस योजना का प्रस्ताव रखा था। यह योजना झारखंड के कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा पदाधिकारियों के लिए है। लंबे समय से अटके इस प्रस्ताव पर अब सोरेन सरकार ने मुहर लगा दी है।
योजना का लाभ किन्हें मिलेगा?
यह स्वास्थ्य बीमा योजना झारखंड विधानसभा के मौजूदा सदस्य, राज्य की सभी सेवाओं के कर्मचारी, रिटायर्ड कर्मचारी और उनके परिवारों के लिए लागू होगी। लाभार्थियों में पति-पत्नी, 25 वर्ष तक के बेरोजगार बेटे, अविवाहित या विधवा बेटियां, नाबालिग भाई-बहन और आश्रित माता-पिता शामिल हैं। इनके लिए प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। इसके अलावा दिव्यांग आश्रितों को आजीवन स्वास्थ्य बीमा कवरेज दिया जाएगा।
गंभीर बीमारियों पर अतिरिक्त सुविधा
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 5 लाख रुपए की अतिरिक्त सीमा निर्धारित की गई है। इसके लिए झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी द्वारा 50 करोड़ रुपए का कॉरपोरेट बफर तैयार किया जाएगा। यह राशि चिन्हित बीमारियों के इलाज के लिए हॉस्पिटल की अनुशंसा पर खर्च की जाएगी।
यदि किसी बीमित कर्मचारी का चिकित्सा खर्च तय सीमा से अधिक होता है, तो झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी कॉरपस फंड के जरिए अतिरिक्त राशि का भुगतान करेगी। इस कदम से राज्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
यह योजना झारखंड के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है, जो उनके और उनके परिवार के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में मददगार साबित होगी।