भारतीय रेलवे ने हाल ही में दिल्ली के हजरतगंज निजामुद्दीन स्टेशन और मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनल के बीच नई राजधानी एक्सप्रेस की शुरूआत की है। यह दिल्ली और मुंबई के बीच ऐसी पहली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन है, जो मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ठहरते हुए जाएगी। सप्ताह में दो दिन चलने वाली इस ट्रेन का ठहराव आगरा कैंट, झांसी, भोपाल, जलगांव, नासिक रोड और कल्याण स्टेशन पर दिया गया है। यात्रियों के सुरक्षित सफर के लिए इसमें एलएचबी कोच लगाए गए हैं। फ्री वाईफाई पर 500 घंटे का इन्फोटेनमेंट भी दिया जा रहा है। साथ ही यात्री ‘वर्चुअल रियल्टी’ का मजा उठा रहे हैं।
फ्री वाई-फाई:- भारतीय रेल स्टेशनों और ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों को मुफ्त में वाई-फाई सेवा उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। इस नए राजधानी ट्रेन में यात्रियों को उनके पर्सनल डिवाइस पर वाई-फाई उपयोग करने की सुविधा दी जा रही है। इस सुविधा की वजह से यात्री चलती ट्रेन में 500 घंटे फ्री इंफोटेनमेंट का आनंद ले सकते हैं।
अपग्रेड वाशरूम:- ट्रेन में मॉड्यूलर बायो-टायलेट दिया गया है जिसमें यह खासियत है कि गंदगी ट्रैक पर नहीं गिरेगी। वहीं, हाथ धोने के लिए सोप-डिस्पेंशर के साथ ऑटोमेटिक क्लिनिंग सेंसर दिया गया है। बाथरूम में एयर-फ्रेशनर, फ्लोर मैट और बढि़या सीट लगे हैं। 1st और 2nd एसी के यात्रियों के लिए टॉयलेट सेफ सीट का विकल्प दिया गया है, वहीं, 3rd एसी के यात्रियों के लिए टॉयलेट पेपर दिया गया है।
लिनन:- यात्रियों को आरामदेह सफर का अनुभव हो इसके लिए उच्च गुणवत्ता का लिनन दिया जा रहा है। यात्रियों को सफर के दौरान बेडशीट, तकिया और कंबल दिया जाता है। रेलकर्मी ट्रॉली के माध्यम से सभी यात्रियों को ये सामान देते हैं। वहीं, सफर खत्म होने से 30 मिनट पहले सभी यात्रियों से यह वापस ले लिया जाता है।
1st एसी कोच अपग्रेड:- इस राजधानी ट्रेन के 1st एसी कोच को नए डिजायन के पर्दे और फ्लोरिंग के साथ अपग्रेड किया गया है। खिड़कियों में लपेटने वाले पर्दे दिए गए हैं। कोच में बैकलिट एलईडी पिक्चर भी लगाए गए हैं। टॉयलेट की सुविधा को भी अपग्रेड किया गया है। फर्स्ट एसी के पैसेंजर को स्पेशल सैनिटेशन किट दिया जाता है।
फीडबैक:- ट्रेन से सफर करने के दौरान यात्रियों को यदि किसी तरह की परेशानी होती है तो वे ‘आप की राय’ मोबाइल एप्प के माध्यम तत्काल फीडबैक दे सकते हैं। यात्री भोजन, सफाई या किसी भी अन्य सर्विस से जुड़े सेवाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। रियल टाइम फीडबैक यह सुनिश्चित करेगा कि कर्मचारी तत्काल वहां पहुंचे और यात्रियों को हो रही परेशानी को दूर करें।
3डी डिवाइस:- फर्स्ट एसी से यात्रा करने वाले यात्रियों को मनोरंजन के उद्देशय से एक 3डी डिवाइस भी मिलेगा। इस डिवाइस की सहायता से वे भारतीय रेलवे की विरासत को देख सकते हैं। उपयोग करने के बाद यह डिवाइस कर्मचारियों को वापस करना होगा। इस डिवाइस से फर्स्ट एसी में सफर का मजा बढ़ जाएगा।

