आधार कार्ड बेहद ही महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों में से एक है। आधार कार्ड को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल होते हैं। कई लोग बाल आधार यानी बच्चों के लिए बनाने जाने वाले आधार कार्ड को लेकर असमंजस की स्थिति में रहते हैं। बाल आधार को लेकर आधार कार्ड जारी करने वाली संस्था यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए फिंगर प्रिंट और आई स्कैन नहीं होगा।

ट्वीट के मुताबिक 5 साल से कम उम्र के बच्चे की सिर्फ एक फोटो क्लिक की जाती है और साथ ही माता-पिता का फिंगर स्‍कैन होता है जैसे ही बच्चा 5 साल का हो जाता है इसका बाद अन्य जानकारियां आधार कार्ड में अपडेट की जाती है। यानी पांच साल का होने पर बच्चे की फिंगर प्रिंट और आई स्कैन करवाना चाहिए।

Aadhaar Card में मोबाइल नंबर अपडेट करना क्यों जरूरी है? जानें तरीका

आपके घर में अगर कोई नवजात शिशु है तो उसका भी आधार कार्ड बनवाया जा सकता है। अगर आपका बच्चा 5 साल की उम्र से छोटा है तो इसके लिए आपको उसके जन्म प्रमाण पत्र यानी बर्थ सर्टिफिकेट ​की जरूरत होगी।

वहीं अस्पताल की डिस्चार्ज स्लिप से भी बच्चों का आधार बनवाया जा सकता है। हालांकि, माता या पिता में से किसी एक का आधार होना जरूरी है। नवजात का आधार बनवाने के लिए बच्चे के साथ माता-पिता या अभिभावक का संबंध दर्शाने वाला डॉक्युमेंट जरूरी होता है। आपको इस पर और अधिक जानकारी चाहिए तो आप आधार के टॉल फ्री नंबर 1947 पर कॉल कर सकते हैं।