दिवाली का त्योहार करीब आ रहा है। इससे पहले भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए खुशखबरी दी है। उत्तर रेलवे जोन ने जानकारी दी है कि यात्रियों की सुविधा के लिए 2,950 स्पेशल ट्रेन चलाने से जुड़ी मांग को लेकर एक मजबूत प्लान लागू किया गया है। पिछली बार की तुलना में इस बार  1 से 30 अक्टूबर तक चलने वाली त्योहार-विशेष ट्रेनों की संख्या में लगभग 172 प्रतिशत की बढ़ोतरी भी हासिल की गई है। साल 2023 में 1082 विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई थी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने इस बारे में ज़्यादा जानकारी दी है।

किन शहरों को मिलेगी सुविधा?

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि 2,950 ट्रेनों में से लगभग 83 फीसदी त्यौहार स्पेशल ट्रेनें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम जैसे पूर्व की ओर जाने वाले राज्यों के यात्रियों को ध्यान में रखकर चलाई जाएंगी।

हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि बरौनी, समस्तीपुर, सहरसा, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, जयनगर, दरभंगा, जोगबनी, पटना, कोलकाता, गुवाहाटी, हावड़ा, मुजफ्फरपुर, कटिहार, टाटानगर और लखनऊ जैसे शहर तक जाने वाले रूट पर स्पेशल ट्रेने चलाई जाएंगी।

यात्रियों की सभी सुविधाओं का रखा जा रहा ध्यान

हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि प्लान के तहत यात्रियों की सुरक्षा, आरक्षित डिब्बों में अनाधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए कड़े कदम, कूड़ा-कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई जैसे कई कदम उठाए जाएंगे। विभिन्न ट्रेनों में कुल 52 अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं, जो 2,740 चक्कर लगाएंगे और त्योहारी अवधि के दौरान 2.06 लाख से अधिक यात्रियों को सुविधा प्रदान करेंगे। इसके अलावा स्टेशनों पर भीड़भाड़ को रोकने के लिए कई नियम बनाए जाएंगे। वहीं वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

ट्रेन से लड़की किडनैप? पहले बनाया वीडियो, कोच चेंज करने पर किया पीछा, तीन पर गैंगरेप का आरोप

अधिकारी ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक यात्रा प्रदान करने के लिए काम किया जा रहा है। टिकट बुकिंग को और भी आसान बनाया जा रहा है। इसके अलावा भोजन की उपलब्धता, प्राथमिक चिकित्सा और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी कदम उठाए जा रहे हैं।