Delhi Metro Yellow Line Metro Service Disruption: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की जीवनरेखा दिल्ली मेट्रो है। इसमें लाखों लोग सफर करते हैं। दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर जब भी असर पड़ता है तो इसका प्रभाव लोगों पर साफतौर पर नजर आता है। इसी बीच अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दिल्ली समेत एनसीआर के लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला ऐलान किया है। दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के एक हिस्से पर 19 नवंबर तक सेवाएं प्रभावित रहेगीं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक, जनकपुरी पश्चिम से आरके आश्रम तक 490 मीटर लंबे खंड पर सिविल काम के कारण येलो लाइन पर मेट्रो सेवाएं 14 नवंबर की रात से 19 नवंबर तक अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी।
इन तीन मेट्रो स्टेशन पर दिखेगा सबसे ज्यादा असर
समयपुर बादली और जहांगीरपुरी के बीच में रात 10.45 बजे के बाद सुबह 7.02 बजे सेवाएं शुरू होने तक कोई भी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी। डीएमआरसी ने जारी बयान में कहा कि तीन स्टेशन यानी समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18-19 और हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन ट्रेन सेवाओं के फिर से शुरू होने तक यानी सुबह 07.02 बजे तक बंद रहेंगे।
दिल्ली मेट्रो ने महिला यात्रियों के लिए शुरू की खास सेवा, इन 12 मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध
हालांकि, इस अवधि के दौरान जहांगीरपुरी से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम तक येलो लाइन के बाकी हिस्सों पर पहले की ही तरह चलती रहेगी। डीएमआरसी ने यह भी कहा कि लोगों को हो रही असुविधा को कम करने के लिए येलो लाइन पर स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर भी घोषणाएं की जाएंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने यह भी कहा कि इन निर्माण परियोजनाओं को रात में यात्रियों की सेवाएं खत्म होने के बाद में सीमित समय के अंदर पूरा करने की प्लानिंग की गई है।
दिल्ली मेट्रो लगाएगी ज्यादा फेरे
दिल्ली की हवा बेहद ही जहरीली हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह से ग्रैप का तीसरा चरण लागू कर दिया गया है। इसी बीच दिल्ली मेट्रो ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दिल्ली मेट्रो ने फैसला किया है कि वह प्रदूषण को देखते हुए ज्यादा फेरे लगाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘ शुक्रवार सुबह 8 बजे से GRAP-III के क्रियान्वयन के मद्देनजर वर्किंग डेज पर 20 अतिरिक्त ट्रिप (GRAP-II के लागू होने के बाद से पहले से लागू 40 ट्रिप के अलावा) शुरू की जाएंगी। इस तरह GRAP-III लागू रहने तक दिल्ली मेट्रो द्वारा वर्किंग डेज पर 60 अतिरिक्त ट्रिप लगाई जाएंगी।’