दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। नमो भारत आरआरटीएस ट्रेन का नया फेज जल्द ही आनंद विहार और न्यू अशोक नगर से मेरठ तक शुरू होने वाला है। जल्द ही नमो भारत ट्रेन आनंद विहार और न्यू अशोक नगर से मेरठ तक चलेगी। इसमें यात्री आनंद विहार से बस जितने किराये में मेरठ तक का सफर कम समय में कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर को दिल्ली के न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद के साहिबाबाद के बीच रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के 13 किमी खंड का उद्घाटन करने वाले थे। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण यह उद्घाटन टाल दिया गया। सूत्रों का कहना है कि अब यह उद्घाटन 5 जनवरी 2025 को किया जा सकता है।

यह ट्रांजिट सिस्टम दिल्ली को एनसीआर में मेरठ से जोड़ेगा। इसके तहत 40 मिनट में आनंद विहार से मेरठ तक की यात्रा की जा सकेगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के मुताबिक, नमो भारत ट्रेन के स्टैंडर्ड क्लास में सफर के लिए आनंद विहार से मेरठ साउथ तक 130 रुपये किराया होगा। न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक जाने के लिए स्टैंडर्ड क्लास में 150 रुपये और प्रीमियम क्लास में 225 रुपये किराया देना होगा।

दिल्ली-मेरठ के बीच 82 किमी के रूट पर चलेगी ट्रेन

30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की इस परियोजना का पूरा कॉरीडोर 82 किलोमीटर लंबा होगा और दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन से मेरठ के मोदीपुरम तक फैला होगा। मेरठ-दिल्ली के बीच आरआरटीएस में केवल 55-60 मिनट लगेंगे जबकि मेल एक्सप्रेस ट्रेन में मेरठ और दिल्ली के बीच डेढ़ घंटे और लोकल ट्रेन में दो घंटे का समय लगता है। इस पूरे प्रोजेक्ट के जून 2025 में पूरा होने की उम्मीद है। इस परियोजना की आधारशिला पीएम मोदी ने 8 मार्च, 2019 को रखी थी।

नए साल पर पड़ेगी कड़ाके की ठंड, जानें अगले 3 दिन दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम का हाल

अक्टूबर, 2023 में हुआ था पहले खंड का उद्घाटन

साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच आरआरटीएस के पहले 17 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन 20 अक्टूबर, 2023 को पीएम मोदी ने किया था। वर्तमान में नमो भारत सेवाएं साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर दक्षिण, मोदी नगर उत्तर और मेरठ दक्षिण सहित नौ स्टेशनों तक 42 किलोमीटर के गलियारे में संचालित होती हैं।

नमो भारत ट्रेनें वर्तमान में साहिबाबाद से दिल्ली खंड पर लास्ट ट्रायल पर हैं, जो आनंद विहार और न्यू अशोक नगर के प्रमुख स्टेशनों को कवर करती हैं। एक बार चालू होने के बाद कॉरिडोर 55 किलोमीटर तक फैल जाएगा जिससे साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत सर्विस चालू होंगी।

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए, एनसीआरटीसी ने एक लॉयल्टी पॉइंट कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके तहत आरआरटीएस कनेक्ट ऐप के माध्यम से QR कोड-आधारित टिकट खरीदने वाले यात्रियों को किराए में 10% की छूट दी जाएगी।  देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें jansatta.com का LIVE ब्लॉग