7th Pay Commission, 7th CPC Latest News, Central Government Employees: कोरोना संकट के चलते महंगाई भत्ते (डीए) पर निराशा झेल रहे केंद्रीय कर्मचारियों को सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार ने जानकारी दी है कि इस साल जुलाई में महंगाई भत्ते की 3 किस्त दी जाएंगी।

दरअसल बीते साल कोरोना संकट और लॉकडाउन के चलते डीए बढ़ोत्तरी पर रोक लगा दी गई थी। सरकार ने डीए की पुरानी दर (17 फीसदी) को जून 2021 तक के लिए लागू कर दिया था जबकि मौजूदा दर 21 फीसदी है। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते पर निराशा झेलनी पड़ी।

हालांकि अब वित्त मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय कर्मचारियों का डीए पिछले साल से रुका हुआ है, इसलिए जुलाई में उन्हें महंगाई भत्ते की 3 किस्त दी जाएंगी। वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने संसद में एक सवाल के लिखित जवाब में कहा है कि डीए की तीन बकाया किस्त जुलाई 2021 से जारी कर दी जाएंगी।

डीए को साल में दो बार संशोधित किया जाता है। सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में इसमें बदलाव करती है। 1 जनवरी, 2020, 1 जुलाई, 2020, और 1 जनवरी, 2021 के डीए और डीआर की तीन किस्तों को सरकार द्वारा कोरोनावायरस महामारी के मद्देनजर फ्रीज किया गया था।

यानी की डेढ़ साल तक डीए बढ़ोत्तरी पर रोक लगा दी गई। हालांकि सरकार के इस फैसले से अब 50 लाख कर्मचारियों और करीब 60 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा पहुंचेगा।