7th Pay Commission, 7th CPC Latest News, Maharashtra Government Employees: महाराष्ट्र सरकार ने फेस्टीव सीजन के बीच एक लाख से ज्यादा बिजली कर्मचारियों बोनस की सौगात दी है। राज्य के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने इसकी घोषणा की है। राउत के मुताबिक सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा।
राज्य सरकार का यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब इन कंपनियों के कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी। राउत के प्रवक्ता के मुताबिक मंत्री ने बोनस की घोषणा कर दी है लेकिन कर्चमारियों को कितना फायदा मिलेगा यह जानकारी साझा नहीं की गई है।
इस घोषणा से ट्रांसमिशन कंपनी महाट्रांसको, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी MSEDCL और पावर जनरेशन कंपनी महाजेनको के कर्मचारियों को फायदा होगा। इन कंपनियों के कर्मचारियों ने बोनस का भुगतान नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की धमकी दी थी। पिछले साल, तीनों कंपनियों के कर्मचारियों को 9,000-15,000 रुपये का बोनस दिया गया था।
इन राज्यों के कर्मचारियों को भी बोनस का हो चुका एलान: राजस्थान सरकार ने 9 नवंबर को ही 7.30 लाख कर्मचारियों को दिवाली बोनस की सौगात दी है। वहीं उत्तराखंड सरकार ने भी करीब डेढ़ लाख कर्मचारियों को दिवाली बोनस की सौगात दी है। अराजपत्रित कर्मचारियों, दैनिक वेतन भोगियों, निगम कर्मचारियों को इसका सीधा फायदा पहुंचेगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी 15 लाख कर्मियों को बोनस की सौगात दी थी।