वेस्टइंडीज के स्टार खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो के भारतीय खिलाड़ियों के कितने अच्छे रिश्ते हैं, यह शायद बताने की जरूरत नहीं है। लेकिन इसकी झलक एक बार फिर उस वक्त देखने को मिली, जब टीम इंडिया के खिलाड़ी उनके यहां डिनर पर पहुंचे। ओपनर शिखर धवन ने ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें कप्तान विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे ड्वेन ब्रावो के घर बैठे नजर आ रहे हैं। इसके अलावा ब्रावो ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो और तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसमें एक पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और दूसरी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के साथ है। महेंद्र सिंह धोनी के साथ तस्वीर में उनकी बेटी जीवा, ब्रावो और उनकी मां हैं। इस तस्वीर के कैप्शन में ब्रावो ने लिखा, रविवार रात मेरे भाई महेंद्र सिंह धोनी उनकी बेटी और मेरी मां मेरे घर पर थे। यह शानदार लम्हा था। वहीं भुवी के संग तस्वीर पर ब्रावो ने लिखा, आईपीएल के इतिहास के एेसे दो खिलाड़ी, जिन्होंने दो बार पर्पल कैप जीती है।
कुछ दिनों पहले बीसीसीआई ने एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें ड्वेन ब्रावो और डैरेन ब्रावो पहले वनडे मैच से पहले टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशल में पहुंचे थे। यहां दोनों भाई महेंद्र सिंह धोनी, ऋषभ पंत और हार्दिक पंड्या के गुफ्तगू करते देखे गए थे। विराट कोहली और ब्रावो एक-दूसरे के काफी करीब हैं।
क्रिस गेल, केरॉन पोलार्ड, माइक हसी और इरफान पठान के अलावा भारतीय कप्तान भी ब्रावो के गाने चलो-चलो में नजर आए थे। वेस्टइंडीज पहुंचने के बाद ब्रावो ने महेंद्र सिंह धोनी और टीम इंडिया के अन्य सदस्यों के लिए एक वेलकम ट्वीट किया था। महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नै सुपर किंग्स में ब्रावो कई वर्षों तक खेले थे। फिलहाल ब्रावो टीम इंडिया के खिलाफ इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। उन्होंने देश के लिए आखिरी वनडे मैच अक्टूबर 2014 में खेला था।
देखें तस्वीरें:
Had a great time at @DJBravo47 house. @ajinkyarahane88 @imVkohli pic.twitter.com/mtu5rk2iNQ
— Shikhar Dhawan (@SDhawan25) June 26, 2017
गौरतलब है कि अजिंक्य रहाणे (103) के शतक, कप्तान विराट कोहली (87) और शिखर धवन (63) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने क्वींस पार्क ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे एकदिवसीय मैच में मेजबान वेस्टइंडीज को 105 रनों से हरा दिया। वेस्टइंडीज की पूरी टीम 205 रनों पर ही अॉल आउट हो गई। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपने ऊपरी क्रम के दम पर निर्धारित 43 ओवरों में पांच विकेट खोकर 310 रन बनाए। बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ और इसी कारण मैच के ओवरों की संख्या 50 से घटाकर 43 कर दी गई।
रहाणे ने 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से वेस्टइंडीज की बॉलिंग लाइन अप की बखिया ही उधेड़ दी। धवन के जाने के बाद रहाणे को कप्तान विराट कोहली का साथ मिला। 34वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने ऐसा ही खूबसूरत शॉट खेल अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का तीसरा शतक पूरा किया। लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर वह मिग्युएल कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 103 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा दो छक्के लगाए। उन्होंने कोहली के साथ 97 रनों की साझेदारी की।

