बहुचर्चित फिल्म ‘दंगल’ में अपने बेहतरीन अभिनय से सभी का दिल जीतने वाली अभिनेत्री जायरा वसीम के साथ हवाई जहाज में हुई छेड़खानी की घटना को मानवाधिकार संगठन मानुषी की संस्थापक और जानीमानी प्रोफेसर मधु पूर्णिमा किश्वर ने एक तमाशा बताया है। मधु किश्वर का कहना है कि यह केवल तमाशा है क्योंकि पीछे बैठा व्यक्ति पैर से कैसे किसी की पीठ रगड़ सकता है। अपने ट्विटर हैंडल पर मधु किश्वर ने लिखा “यह मामला बहुत ही गड़बड़ लगता है। हवाई जहाज में किसी महिला की सीट के पीछे बैठा आदमी कैसे अपने पैरों से उस महिला की पीठ रगड़ सकता है? इतना ही नहीं कोई पेशेवर कलाबाज भी अपने पैरों से इस प्रकार की हरकत नहीं कर सकता और वो भी बिना किसी के नोटिस किए। क्यों उन्होंने एयरहॉस्ट्रेस को नहीं बुलाया या उस सीट से उठ क्यों नहीं गईं और उस व्यक्ति से क्यों नहीं कहा तमीज में रहने के लिए? तमाशा केवल लैंडिंग के बाद हुआ।”

आपको बता दें कि जायरा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड कर दिल्ली से मुंबई जाने वाली विस्तारा फ्लाइट में उनके साथ हुई छेड़खानी की घटना शेयर की थी। इस घटना के सामने आने के बाद कई बॉलीवुड हस्तियों ने जायरा का समर्थन किया था लेकिन कई लोगों ने उनके छेड़खानी के दावों पर सवाल भी उठाए। जायरा ने अपने वीडियो में बताया था कि उनकी सीट के पीछे बैठा अधैड़ उम्र का शख्स बार-बार अपने पैरों से उनकी कमर और गर्दन को रगड़ रहा था। उन्होंने उसी दौरान इस घटना को अपने फोन में कैद करने की कोशिश की थी लेकिन फ्लाइट में डिम लाइट के कारण वह इसे रिकॉर्ड नहीं कर पाईं।

मुंबई पहुंचने के बाद उन्होंने एक वीडियो बनाया और अपने इंस्टाग्राम पर शेयर कर आपबीती बताई। इतना ही नहीं जायरा ने फ्लाइट क्रू पर मदद न करने का आरोप भी लगाया था। वहीं पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसपर पोस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस न्यायिक हिरासत में है। आरोपी ने खुद पर लगे आरोपों को झूठा बताया है। वहीं आरोपी की पत्नी का कहना है कि उनके पति का पैर जायरा के कंधे से टकराया था लेकिन इसके लिए उनसे मांफी मांग ली गई थी।