उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़का रोजाना दिन में पांच बार घर से जिम जाने की बात कहकर बाहर निकलता था। परिजनों को जब शक हुआ तो पिता ने लड़के का पीछा करना शुरू किया। इस दौरान पता चला कि वह नमाज पढ़ने एक मस्जिद में जाता है। इसके बाद युवक ने पूरी कहानी बताई।
लड़के के पिता ने दर्ज कराई FIR
लड़के की उम्र महज 17 साल है और उसने इस्लाम धर्म अपनाने की बार स्वीकार की है। उसने बताया कि वह जाकिर नाईक से प्रभावित होकर इस्लाम धर्म अपनाया है। लड़का घरवालों से कहता है कि अगर मुझे घर से निकालोगे तो मैं मस्जिद में रह लूंगा। इस मामले में लड़के के पिता ने FIR भी दर्ज करवाई है।
ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ा था लड़का
लड़के के पिता ने मस्जिद के मौलवी और मुंबई के एक मुस्लिम युवक पर एफआईआर कराई है। आरोप है कि ऑनलाइन गेमिंग के जरिये लड़का मुंबई के एक मुस्लिम युवक के संपर्क में आया, जो जाकिर नाईक से प्रभावित था। पिता का आरोप है कि मुंबई के लड़के से संपर्क में आने के बाद से ही उनके बेटे के व्यवहार में परिवर्तन आ गया था।
लड़के के पिता ने बताया कि जब बेटे के मोबाइल-लैपटॉप की जांच की तो उसमें इस्लाम धर्म से जुड़ी ढेरों सामग्रियां मिली हैं। पिता का कहना है कि बेटा नाबालिग है, वह अपना भला-बुरा समझने में असमर्थ है। उसे देश विरोधी गतिविधि में शामिल कराया जा सकता है। पिता ने अंदेशा जताया है कि सब लोग मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैंग चला रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी इस मामले की खूब चर्चा हो रही है, चूंकि मामला धर्म परिवर्तन से जुड़ा हुआ है तो पुलिस ने भी एक्शन लेने की बात कही है। ACP ने बताया कि संजयनगर सेक्टर-23 की मस्जिद के इमाम और मुंबई के एक व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।