उत्तर प्रदेश बिजनौर पुलिस का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस के जवान फांसी पर लटक रही महिला की जिंदगी बचाने की कोशिश में कामयाब रहे। अगर थोड़ी सी भी देर हो जाती तो शायद महिला की जान ना बच पाती! बताया जा रहा है कि महिला का पति के साथ झगड़ा हो गया था, इसके बाद महिला आत्महत्या करने के लिए फांसी के फंदे पर झूल गई।

महिला ने लगा ली थी फांसी, पुलिस ने बचाई जान

लड़ाई झगड़े की जानकारी मिलते ही बिजनौर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि महिला ने फांसी लगा ली है। इसके बाद पुलिसकर्मी घर में दाखिल होते हैं तो महिला फंदे से लटकी हुई पाई गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत महिला को नीच उतारा और मुंह के जरिए सांस देने की कोशिश शुरू हुई और सीने पर पम्प करना शुरू हुआ, पुलिसकर्मियों की मेहनत रंग लाई। थोड़ी ही देर में महिला के शरीर में थोड़ी हलचल हुई। फिलहाल महिला अस्पताल में भर्ती है।

कुछ सेकण्ड की देरी होती तो ना बच पाती महिला

सिविल लाइन चौकी प्रभारी गौरव चौधरी का कहना है कि यह घटना मंगलवार की शाम की है। झगड़ा होने की जानकरी के बाद पुलिस वहां पहुंची थी। सिपाही अचिन व शुभम ने महिला को बचाने की पूरी कोशिश की। पुलिसकर्मियों का कहना था कि अगर कुछ सेकंड की और देरी हो जाती तो महिला का बच पाना मुश्किल था। जानकारी के अनुसार एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही है।

सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है और लोग पुलिस के जवानों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला की ये दूसरी शादी है और पति का भी ये दूसरा विवाह है। 32 वर्षीय महिला की तरफ आरोप है कि दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। अक्सर घर में झगड़ा हुआ करता था, जब महिला ने फांसी लगाईं उस दिन भी घर में लड़ाई हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हालांकि जिस तत्परता से बिजनौर पुलिस के दो जवान महिला के घर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश में सफल रहे, उसको लेकर उनकी चौतरफा तारीफ हो रही है। जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने के दस मिनट बाद ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी। जहां पता चला कि महिला ने फांसी लगा ली है। आननफानन में पुलिसकर्मी घर में दाखिल हुए और महिला के गले का फंदा काटकर उसे उतारा। सीपीआर दी गई, इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है।