किसी ने एकदम सही कहा है कि प्राण की रक्षा करने वाला प्राण हरने से बड़ा होता है क्योंकि रक्षा करने वाला जीवन प्रदान करता है और इसलिए वह जीवन दाता कहलाता है। मुंबई में एक महिला को इसी तरह एक कैब ड्राइवर ने और मुंबई की पुलिस ने नया जीवन प्रदान किया। यह महिला अपनी जीव लीला को समाप्त करने जा रही थी, लेकिन एक कैब ड्राइवर की समझदारी और मुंबई पुलिस की फुर्ती की मदद से महिला की जान बच सकी।

कैब ड्राइवर और पुलिस ने महिला को बचाया

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जो कि मुंबई के अटल सेतु का है। यहां से एक महिला समुद्र में कूदकर जान देने जा रही थी, लेकिन वहां खड़े कैब ड्राइवर की समझदारी और मुंबई पुलिस की बहादुरी ने 57 वर्षीय महिला की जान बचा ली। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखने के बाद लोग कैब ड्राइवर और मुंबई पुलिस को महिला का जन्म दाता बता रहे हैं। यह घटना ब्रिज पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

क्या है वायरल वीडियो में?

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला कार से उतरकर अटल सेतु की रेलिंग क्रॉस कर आत्महत्या करने का प्रयास करती है। जैसे ही महिला पानी में छलांग लगाती है तभी वहां खड़ा कैब ड्राइवर महिला को पकड़ने के लिए हाथ आगे बढ़ाता है। इस दौरान महिला के बाल उस कैब ड्राइवर के हाथों में आ जाते हैं। इसी दौरान एक पुलिस वैन वहां आ जाती है और गाड़ी में से पुलिसवाले निकलकर तुरंत महिला को बचाने के लिए रैलिंग क्रॉस कर जाते हैं। कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बचा लिया जाता है।

पुलिस ने मामले पर क्या जानकारी दी?

जानकारी के मुताबिक, इस महिला की पहचान रीमा पटेल (57 साल) के रूप में हुई है और वो मुलुंड की रहने वाली है। उसने आत्महत्या की कोशिश क्यों की, इस बारे में पता नहीं चल सका है। यह घटना शुक्रवार शाम 7 बजे की बताई जा रही है। इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि उन्हें अटल सेतु पर कार रुकने और एक महिला के रैलिंग पार करने की सूचना मिली थी। एक पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो महिला ने वहां से छलांग लगा दी थी, लेकिन कैब ड्राइवर ने उस महिला को पकड़ रखा था। पुलिस ने बताया है कि महिला इसी कैब में सवार थी और उसने कैब ड्राइवर को वहां रूकने के लिए कहा था।