राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने गृह जिले गोपालगंज पहुंचे। जहां उनके साथ पत्नी राबड़ी देवी और बड़े बेटे तेजप्रताप यादव भी मौजूद थे। लालू प्रसाद यादव लंबे वक्त के बाद फुलवारिया पहुंचे हैं। एक तरफ जहां लालू प्रसाद यादव मंगलवार, 22 अगस्त को गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना की तो वहीं दूसरी तरफ राबड़ी देवी, तेज प्रताप यादव के साथ एक स्कूल का दौरा करने निकल पड़ीं।
छात्राओं से मिलने के बाद क्या बोली राबड़ी देवी?
स्कूल पहुंची राबड़ी देवी क्लासरूम में गईं और शिक्षक की कुर्सी पर बैठीं। साथ में तेजप्रताप यादव भी मौजूद थे। अपने बीच राबड़ी देवी को देखकर छात्राएं भी खुश नजर आईं। स्कूल में समय बिताने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूल की कमी दूर करने के लिए कागज आगे बढ़ा दिया गया है, जिम्मेदार अधिकारियों से भी बात हो गई है।
क्यों नहीं हो पाई आगे की पढ़ाई?
राबड़ी देवी ने कहा कि स्कूल आकर अच्छा लगा, हम नहीं पढ़ पाए, फिर मैंने पांचवी तक पढ़ाई की और आगे बढी हूं। बिहार का नाम रोशन किया। इसी तरह आप सभी (छात्राओं की तरफ इशारा करते हुए) को भी नाम रोशन करना है। राबड़ी देवी ने कहा कि पांचवी के बाद पढ़ाई करने के लिए दूर जाना था, उस समय इतना दूर पढ़ाई के लिए कोई नहीं भेजता था, इसलिए आगे की पढ़ाई नहीं हो पाई।
फुलवारिया पहुंची राबड़ी देवी ने कहा कि काफी समय बाद इस बार घर आना हुआ है, क्योंकि साहब (लालू प्रसाद यादव) की तबियत ठीक नहीं थी। उससे पहले वह जेल में थे। अभी भी रोज कोर्ट जाना पड़ता है, कैसे आएं? इसके बाद राबड़ी देवी ने कहा कि फिर हम जनता के लिए आवाज उठाते रहेंगे, आज गरीब कहां से कहां पहुंच गया है।
बता दें कि राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। उनकी शिक्षा को लेकर विरोधी लगातार सवाल उठाते रहे हैं। शिक्षा पर सवाल उठाकर विरोधियों ने कई बार इसे मुद्दा भी बनाया। हालांकि अब खुद राबड़ी देवी ने छात्राओं से कहा कि हम आगे नहीं पढ़ पाए क्योंकि स्कूल बहुत दूर था। फिर भी जितना पढ़ पाए पढ़े और नाम रोशन किया। छात्राओं से उन्होंने कहा कि सभी को नाम रोशन करना है।