वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) की तरफ से खेल रहे हैं। गेल KXIP से जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हैं। आईपीएल शुरू होने में अभी 5 दिन का वक्त और बाकी है, लेकिन इससे पहले ही क्रिस गेल अपनी टीम के रंग में रंगे हुए नजर आने लगे हैं। उन्होंने पंजाबी गानों पर भांगड़ा करना भी शुरू कर दिया है।
2017 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू की तरफ से आईपीएल खेलने वाले क्रिस गेल ने खुद इस भांगड़े डांस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। भारत आने के लिए वह बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने अपनी उत्सुकता पंजाबी गाने पर डांस करते हुए जाहिर की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट पोस्ट किए गए वीडियो में क्रिस गेल समुद्र के बीच एक शिप में पंजाबी गाने पर भांगड़ा करते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने भांगड़ा के बहुत से स्टेप्स किए और बहुत ही शानदार तरीके से किए। डांस के बीच में गेल खुशी से चिल्लाते हुए भी दिखाई दिए। गेल ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘क्रिस गेल इंडिया आ रहा है। पंजाबी गाने पर डांस किया।’
वेस्ट इंडीज के इस क्रिकेटर का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। उनके और किंग्स इलेवन पंजाब के फैन्स इस भांगड़े को काफी पसंद कर रहे हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि क्रिस गेल एक असली पंजाबी से ज्यादा पंजाबी हो गए हैं। वहीं बहुत से लोग भारत में उनका स्वागत कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘आपने जिस तरह से डांस किया वह बहुत ही शानदार था।’
बता दें कि 2 करोड़ के बेस प्राइस वाले क्रिस गेल को इस बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने नहीं खरीदा था। उन्हें नीलामी के वक्त काफी आखिरी में किंग्स इलेवन पंजाब ने 2 करोड़ रुपए में खरीदा। उनके फैन्स को इस बार उनसे काफी उम्मीदें हैं। आईपीएल की शुरुआत 7 अप्रैल से हो रही है। 7 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहला मुकाबला मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने जा रहा है। वहीं किंग्स इलेवन पंजाब का पहला मैच 8 अप्रैल को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ होगा।