पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के विधायक मिल्टन राशिद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार (दो अक्टूबर) को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में वह कैमरे में थिरकते हुए कैद हो गए। घटना के दौरान किसी ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था, जो हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए सामने आया। वायरल हो रहे उनके डांस वीडियो को लेकर चारों ओर आलोचना हो रही है।

यह मामला बीरभूम जिले के नलहटी से जुड़ा है। बापू की जयंती पर यहां के कटगरिया इलाके में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया था। पुरस्कार वितरण के बाद शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें कांग्रेस विधायक स्टेज पर ठुमके लगाते दिखे।

वीडियो क्लिप में वह स्टेज के बीचो-बीच खड़े दिख रहे थे। उनके बगल में एक महिला थी, जो गाना गा रही थी। विधायक पहले तो झूमते हुए जोर-जोर से तालियां बजा रहे थे। फिर गानों की धुनों पर नाचने लगे, जबकि उनके पीछे और भी लोग थे। पर वे डांस नहीं कर रहे थे।

अन्य राजनीतिक दलों ने इस घटना को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के जिलाध्यक्ष रामकृष्ण रॉय ने इस बाबत उनकी कड़ी निंदा की और इसे घटिया हरकत बताया। वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जिलाध्यक्ष अनुब्रोतो मंडल बोले कि यह सीधे तौर पर बापू का अपमान है।

हालांकि, राशिद ने वायरल डांस वीडियो पर सफाई देते हुए कहा कि वह सिर्फ लोगों को खुश करना चाहते थे। उन्होंने ये बात गांधी जी से सीखी है। कार्यक्रम में वह सामान्य नागरिक की तरह नाचे थे।