Wedding News: शादियों का सीजन चल रहा है, हर तरफ धूम हैं। हालांकि इस बीच देखने को मिल रहा है कि आए दिन दुल्हनों के शादी तोड़ने की खबर सामने आ रही है। आप खुद गूगल कर लीजिए, इस तरह की तमाम खबरें आपके सामने दिख जाएंगी। “दुल्हन ने शादी से किया इनकार…” विवाह टूटने का चलन इन दिनों बढ़ता दिख रहा है। कई वजहें तो वाकई हैरान करने वाली होती हैं।

इन खबरों के सामने आने के बाद हमारे मन में भी ऐसे सवाल आ सकते हैं कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? कहीं ऐसा तो नहीं है कि शादी तोड़ने का ट्रेंड चल पड़ा है? खैर, यह पूरी तरह से किसी का निजी का फैसला है और अधिकार भी। इस मसले पर एक पक्ष का कहना है कि लड़कियां अब अपने हक के लिए बोलने लगी हैं, वे पहले से अधिक बोल्ड हैं और अपनी जिंदगी के फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं।

हालांकि दूसरे पक्ष की यह राय है कि शादी में सिर्फ लड़का और लड़की नहीं बल्कि दोनों पक्षों के परिवारों का भी इमोशन जुड़ा होता है, इसलिए विवाह के दिन यह सब करने से बेहतर है कि पहले ही सारी बातें पता लगाकर सब क्लीयर कर लें ताकि शादी के दिन यह नौबत ही न आएं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि शादी के दिन दूल्हा और दुल्हन को छोटी-छोटी बातों को इग्नोर करना चाहिए, जैसे खाने और डीजे को लेकर अक्सर बाराती-घाराती भिड़ जाते हैं और शादी होने से पहले ही टूट जाती है।

इस आर्टिकल में हमने इसी तरह के सात केस लिए हैं। यहां जानते हैं कि आखिर इन दुल्हनों ने ऐन मौके पर अपनी शादी क्यों तोड़ दी? पहले ही बता दें कि इनमें से कोई भी शादी दहेज प्रथा की वजह से नहीं टूटी है।

पहला केस

छत्तीसगढ़ के एक कस्बे में दुल्हन को जैसे ही पता चला कि दूल्हे की सरकारी नौकरी नहीं है उसने शादी करने से इनकार कर दिया। दूल्हा प्राइवेट में अच्छी नौकरी करता है। वह महीने के 1.2 लाख कमाता है। दूल्हे ने दुल्हन को अपनी सैलरी स्लिप भी दिखाई मगर दुल्हन अपनी बात पर अड़ी रही। दुल्हन ने जैसे ही शादी से इनकार किया दोनों पक्षों के लोग हैरान रह गए। दुल्हन को काफी मनाने की कोशिश की गई मगर वह अपने जिद पर अड़ी रही, आखिरकार शादी टूट गई।

दूसरा केस

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के एक गांव में दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस वजह से बरात को बैरंग लौटना पड़ा। नांगल चौधरी एरिया में विवाह स्थल पर रात शादी की रस्में चल रही थीं। पता चला है कि दुल्हन ने वरमाला भी पहना दी थी और शादी में नाच गाना हो रहा था। इस बीच दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष की ओर से यह आरोप लगाया जा रहा है कि दूल्हे ने शराब पी हुई थी। हालांकि वह बाद में अपने बॉयफेंड संग फरार हो गई।

तीसरा केस

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में वरमाला से ठीक पहले दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, इसलिए उसे फोन किया मगर सामने से उसे जो जवाब मिला सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस खबर की आस-पास के इलाकों में भी चर्चा है।

चौथा केस

लखनऊ में शादी समारोह पर डीजे पर गाना बजाने को लेकर घराती और बारातियों के बीच जमकर मारपीट हुई। जब इस बात की जानकारी दुल्हन को चली तो उसने शादी से ही इनकार कर दिया। काफी मान मनौव्वल के बाद भी जब वह नहीं मानी, बारात बेरंग लौट गई।

पांचवां केस

रामपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में होने वाली शादी दूल्हे के रंग की वजह से सुर्खियों में आ गई। यहां दूल्हे का रंग काला देख दुल्हन भड़क गई और उसने शादी करने से मना कर दिया। लोगों ने दुल्हन को मनाने की काफी कोशिश की मगर वह नहीं मानी और शादी नहीं हुई।

छठा केस

उत्तर प्रदेश के महोबा में एक दूल्हे को दुल्हन ने शादी के मंडप से वापस भेज दिया। दरअसल, पनवाड़ी कस्बे में धूमधाम से बारात लेकर दूल्हा शादी करने पहुंचा था लेकिन जयमाला के स्टेज पर दूल्हा से दो का पहाड़ा पूछा गया जिसे बताने में वो असफल रहा जिसके बाद उसकी शादी टूट गई। यह केस काफी चर्चा में रहा।

सातवां केस

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र में जयमाल के बाद दोनों पक्ष दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए फोटो क्लिक करवा रहे थे। इसी दौरान घराती व बाराती आपस में भिड़ गए, जिसके बाद बवाल हो गया और दुल्हन ने शादी से ही इनकार कर दिया इतना ही नहीं वर पक्ष को बंधक बना लिया गया।

kerala Pantheerankavu Domestic Violence Case: पंथीरंकावु घरेलू हिंसा मामले में पीड़िता ने अब एक बार फिर अपने पति पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है।