ब्रिटिश इंडियन मैजिशियन मैजिक सिंह ने हाल ही में सचिन तेंदुलकर, आमिर खान और वरुण धवन को अपनी मैजिक ट्रिक से हैरान होने पर मजबूर कर दिया। दरअसल मैजिक सिंह हाल ही में संपन्न हुई मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी और श्लोका मेहता की सगाई में परफॉर्म करने आए थे। इसके बाद मैजिक सिंह को बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने अपने घर पर आमंत्रित किया। इस दौरान आमिर के घर पर क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड स्टार वरुण धवन भी मौजूद थे। मैजिक सिंह ने अपनी कई मैजिक ट्रिक से आमिर के घर पर मौजूद मेहमानों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम के बाद मैजिक सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुझे अपनी कला से प्यार है और पूरी दुनिया के दर्शकों के सामने इसका प्रदर्शन करने से मुझे खुशी मिलती है। इस हफ्ते मुंबई में अपनी कला का प्रदर्शन करना मेरे लिए बेहद खास रहा क्योंकि इस दौरान मैंने कई लीजेंड्स के सामने परफॉर्म किया। मैं इस दौरान आमिर खान, सचिन तेंदुलकर जैसी शख्सीयतों से मिला, जो कि अपने क्षेत्र के मास्टर हैं। ये आइकन अपने मैजिक से पूरी दुनिया में फैले अपने लाखों करोड़ो प्रशंसकों को खुश करते रहे हैं, ऐसे में मैंने कुछ मैजिक उन्हें वापस लौटाने की कोशिश की है।

बता दें कि आमिर खान के घर पर मैजिक सिंह का मैजिक देखने के लिए सचिन, वरुण के अलावा मशहूर फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर और उनकी पत्नी, एक्ट्रेस फातिमा सना शेख, जो कि आमिर के साथ फिल्म ठग्स ऑफ हिंदुस्तान में काम कर रही हैं और कई अन्य लोग भी मौजूद थे। आमिर के घर पर मैजिक सिंह की परफॉर्मेंस का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तीनों ही स्टार मैजिक सिंह की एक ट्रिक पर आश्चर्यचकित दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी देखा जा रहा है। इस वीडियो को मैजिक सिंह ने ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किया है।