अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर अपनी फ्लाइट से सफर करने वाली महिलाओं को विस्तारा एयरलाइंस सैनेट्री पैड मुहैया कराएगी। एयरलाइन का दावा है कि ये पैड सर्टिफाइड, बायो-डिग्रेडेबल और ऑर्गेनिक हैं, जिन्हें प्लांट बेस्ड फाइबर से बनाया गया है। इनमें प्लास्टिक, जहरीले तत्व और परफ्यूम आदि का प्रयोग नहीं किया गया है। उधर, कई एयरलाइंस में विमानों की कमान पूरी तरह से महिला क्रू के हाथों में ही होगी। इनमें एयर इंडिया, जेट एयरवेज, स्पाइसजेट आदि शामिल हैं।

विस्तारा की पहल का यह मकसद : विस्तारा एयरलाइन के अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का मकसद महिला यात्रियों को विमान यात्रा के दौरान आरामदायक अनुभव देना है। वहीं, विस्तारा की सभी उड़ानों के दौरान यात्रियों को सैनेट्री पैड के बारे में जागरूक भी किया जाएगा। कंपनी के एचआर एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स की सीनियर वाइस प्रेजिडेंट दीपा चड्ढा ने इस पहल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘‘अपने ग्राहकों को सैनेट्री पैड देने का मकसद उन्हें यह बताना है कि छोटी-सी चीज भी बड़ा बदलाव ला सकती है। एक महिला के रूप में मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसी कंपनी का हिस्सा हूं, जो अपने ग्राहकों के लिए इस तरह की सोच रखता है। यह पहल जरूरत के वक्त काफी यात्रियों की मदद भी करेगी।’’

Happy Women’s Day 2019 Wishes Images, Quotes, Status देखें यहां

एयर इंडिया की ये फ्लाइट्स संभालेंगी महिलाएं : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर एयर इंडिया की 12 अंतरराष्ट्रीय और करीब 40 घरेलू उड़ानों का परिचालन पूर्ण रूप से महिला क्रू मेंबर ही करेंगी। एयर इंडिया की 12 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए बी787 ड्रीमलाइनर और बी777 विमानों को लगाया गया है। इनमें दिल्ली-सिडनी, मुंबई-लंदन, दिल्ली-रोम, दिल्ली-लंदन, मुंबई-दिल्ली-शंघाई, दिल्ली-पेरिस, मुंबई-न्यूयॉर्क, दिल्ली न्यूयॉर्क, दिल्ली-वॉशिंगटन, दिल्ली-शिकागो और दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को मार्ग की उड़ानें शामिल हैं। वहीं, एयर इंडिया की क्षेत्रीय सेवा देने वाली इकाई अलांयस एयर ने भी कहा कि उसके विमानों का परिचालन पूर्ण रूप से महिला चालक दल के हाथ में ही होगा। अलांयस एयर के मुताबिक, कैप्टन आशना आचार्य और को-पायलट कनिका शर्मा के नेतृत्व में एयरलाइन की पूर्ण महिला चालक दल वाली एक उड़ान दिल्ली से धर्मशाला जाएगी और वहां से राष्ट्रीय राजधानी लौटेगी।

बाकी एयरलाइंस भी कर रहीं पहल : प्राइवेट कंपनी जेट एयरवेज की 4 घरेलू उड़ानों का परिचालन महिलाओं के जिम्मे रहेगा। इनमें मुंबई-नई दिल्ली-मुंबई, मुंबई-बेंगलुरु-मुंबई फ्लाइट शामिल हैं। उधर, महिला दिवस के मौके पर स्पाइजेट 22 ऐसी उड़ानों का संचालन करेगा, जिनका जिम्मा पूरी तरह महिलाओं के हाथों में होगा। गोएयर एयरलाइन का कहना है कि उपलब्धता और ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर महिला यात्रियों को बिजनेस क्लास में सीट दी जाएगी।