उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक लड़के को गांव की ही शादीशुदा महिला से प्यार करने और उससे शादी करने की तालिबानी सजा दी गई है। गांव के लोगों ने उस लड़के को ऐसा सबक सिखाया कि देखने वाले की रूह तक कांप जाए। दरअसल, ये पूरा मामला बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र के एक गांव का है। यहां लोगों ने एक लड़के को गांव की शादीशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध रखने की वजह से जूते-चप्पलों की माला पहनाई और फिर उसका मुंह काला करके पूरे गांव में घुमाया।

क्या है पूरा मामला?

इतना ही नहीं पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि गांव के लोगों ने इस दौरान उसे मल खिलाया और पेशाब भी पिलाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक पर आरोप है कि वह करीब 6 महीने पहले गांव की ही एक शादीशुदा महिला को भगाकर ले गया था और हिमाचल प्रदेश में जाकर उस महिला से शादी कर ली थी। शादी करके जब ये दोनों गांव लौटे तो ग्रामीणों ने लड़के को तालिबानी सजा दे दी।

पीड़ित ने पुलिस में की शिकायत

बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक और गांव की वह शादीशुदा महिला हिमाचल में शादी करके वहीं रह रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने किसी बहाने से युवक को वापस बुलाया और लड़का उनके जाल में फंस गया। उसके बाद ग्रामीणों ने लड़के के साथ यह बर्ताव किया। हालांकि पीड़ित लड़के ने इस घटना के बाद पुलिस में ग्रामीणों की शिकायत कर दी है। पुलिस ने भी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।