उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस द्वारा कुत्ते को गोली मारने का मामला सामना आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला शनिवार रात का है, जिसमें एक पुलिसकर्मी कुत्ते पर खुलेआम फायर झोंकते हुए नजर आ रहा है। इससे पहले प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। ताजा मामले में कुत्ते को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
आगरा में हुए इस वाक्ये का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) कमर मे खुसी हुई अपनी पिस्टल निकालता है और कुत्ते पर फायर कर देता है। यह घटना उस समय सामने आई जब शहर के शास्त्री पुरम इलाके में पुलिस एक घर में रेड डालने गई थी। हालांकि सिंकदरा पुलिस का कहना है कि जानवर पर फायरिंग डराने के लिए की गई थी। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
कथित तौर पर मामला उस समय सामने आया जब सिकंदरा पुलिस 50 लाख रुपए धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी के घर पर रेड मारने गई थी। सिकंदरा पुलिस थाने के दरोगा राजेश पाल सिंह पर आरोप है कि वह आरोपी के घर में दीवार फांदकर कूदे और अंदर जाने के लिए ताले तोड़ दिए। उन पर गर्भवती महिला के साथ बदसलूकी का भी आरोप है। परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में दरोगा राजेश पाल सिंह पिस्टल निकालते हैं और कुत्ते पर फायर करते हुए कैद हुए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले यूपी की राजधानी लखनऊ में पुलिसकर्मी द्वारा सर्विस रिवाल्वर से कुत्ते को गोली मारने का मामला सामने आया था। कुत्ते ने दरोगा को काट लिया तो दरोगा ने उसे गोली मार दी। गोली कुत्ते के पैर में लगी और वह वहां से भाग गया।