उत्तर प्रदेश के उन्नाव से नए साल के अवरस पर दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक झील में नौका पलटने से 7 किशोर पानी में गिर गए। वे डूबने लगे, आस-पास मौजूद लोगों ने 6 लड़कों को बचा लिया हालांकि डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। पीटीआई के अनुसार, सभी नाव पर बैठकर रील बना रहे थे।
भाषा के अनुसार, नौका में सात किशोर सवार थे और वे झील में रील बना रहे थे, पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के रतिराम पुरवा निवासी सात किशोर पास की एक झील में नौका विहार कर रहे थे और मोबाइल से रील बना रहे थे, तभी नाव पलट गई और सभी पानी में गिर गए।
उन्होंने आगे बताया कि स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से छह किशोरों को बचा लिया गया लेकिन 14 वर्षीय किशोर उमेर की डूबने से मौत हो गई। जाजमऊ चौकी के प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना लापरवाही के कारण हुई प्रतीत होती है। मामले की जांच की जा रही है।