यूपी के बलिया से दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक किन्नर को चप्पल चाटने के लिए मजबूर किया गया। वहीं दो अन्य किन्नरों के बाल काट दिए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
गाड़ी से आए और मारपीट करने लगे
मामले की जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। घटना के बारे में पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि बीबीपुर गांव की पूजा किन्नर की तहरीर पर पांच अन्य किन्नरों के खिलाफ बुधवार को भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।ॉ
शिकायत में कहा गया कि 10 मार्च को बहोरवा गांव में वह अपने साथियों के साथ नाच-गाने का कार्यक्रम कर रही थी। इस बीच वाहन से आए लोगों ने उनकी साथी नैना और पायल से मारपीट शुरू कर दी और जबरन वाहन में बैठाकर ले गए।
चप्पल चाटने के लिए किया मजबूर
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हुआ जिसमें एक किन्नर को चप्पल चटाने के लिए मजबूर किया जा रहा है और दो किन्नरों के बाल काटे जा रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि यह मामला किन्नरों के दो समूह में क्षेत्राधिकार के विवाद को लेकर है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
झारखंड में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में 13 साल की एक लड़की के साथ पांच लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। मामले में अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार को मझगांव पुलिस थाना अंतर्गत एक गांव में हुई जब पीड़िता नहाने गई थी। वहीं जगन्नाथपुर के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी राकेश नंदन मिंज ने कहा कि घर वापस लौटते समय उसी गांव के रहने वाले पांच लोग किशोरी को एक सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
उन्होंने आगे बताया कि लड़की ने अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया। उपमंडलीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना के संबंध में बुधवार को मझगांव पुलिस थाने में एक एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने आगे कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। पीड़िता को चिकित्सा जांच के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।