देश में इन दिनों बुलडोजर (Bulldozer) लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इसी बीच यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) गुरुवार को गुजरात पहुंचे थे। जहां पर वह बुलडोजर पर चढ़े नजर आए। बुलडोजर पर चढ़े बोरिस जॉनसन की तस्वीर पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह की प्रतिक्रिया देते हुए चुटकी ले रहे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत चैनल के पत्रकार सुशांत सिन्हा (Sushant Sinha) ने बोरिस जॉनसन की तस्वीर शेयर करते हुए कमेंट किया कि ब्रिटेन के पीएम भारत आए, गुजरात गए तो बुलडोजर में बैठ गए। देखिएगा, कहीं जहांगीरपुरी की तरफ न निकल लें बुलडोजर लेकर। पत्रकार रुबिका लियाकत (Rubika Liaquat) ने इस तस्वीर के साथ लिखा, ‘ जेसीबी जॉनसन.. बचना अतिक्रमणकारियों लो मैं आ गया।

आम ट्विटर यूजर की प्रतिक्रिया : सपा नेता राजीव राय ने सुशांत सिन्हा के ट्वीट पर कमेंट किया कि सर अंग्रेजों से एक बार फिर क्यों रौंदवाना चाहते हो आप? ये गुलामी वाली मानसिकता ठीक नहीं है। करण ठाकुर ने कमेंट किया, ‘ हो सकता है अब ब्रिटेन में भी बुलडोजर चलने लगे, वहां तो कोई कपिल सिब्बल भी नहीं हैं।’ रितु नाम की एक यूजर लिखती हैं – अब तो विदेशों में भी बुलडोजर फेमस हो गया है। इस हिसाब से हर राज्य में बुलडोजर चलना चाहिए।

सूरज त्रिपाठी नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘ विदेशी लोग भारतीय लोगों के घर पर बुलडोजर चलाएंगे और कुछ लोग इस बात की प्रशंसा करेंगे?’ धनंजय सिंह ने कमेंट किया – संघ और बीजेपी वालों आप अपना भी घर बचाना नहीं तो जॉनसन जेसीबी चला देंगे। गिरीश उपाध्याय नाम के एक यूजर द्वारा कमेंट किया गया कि इसी बुलडोजर से ना जाने कितनों के आर्थिक साधन को बर्बाद कर दिया गया। कुछ लोग इस पर मजे ले रहे हैं।

क्यों बुलडोजर पर दिखे बोरिस जॉनसन? : बोरिस जॉनसन 2 दिन की भारत यात्रा पर हैं। पहले दिन उन्होंने गुजरात में बिताया है। गुजरात के वडोदरा में जॉनसन ने बुलडोजर बनाने वाली जेसीबी की एक यूनिट का दौरा किया। बुलडोजर बनाने वाली कंपनी जेसीबी ब्रिटेन की है। जॉनसन ने इसी कंपनी के प्लांट का उद्घाटन किया है। इस दौरान ही वह जेसीबी में बैठे थे।