चोल साम्राज्य के विषय पर बनी फिल्म ‘पोन्नियन सेल्वन’ चर्चा में है। इसी बीच एंकर सुशांत सिन्हा ने अपने चैनल पर हिंदू चोल राजाओं के बारे में एक शो किया। जिसमें उन्होंने दावा किया कि इतिहास में हिंदू चोल राजाओं के बारे में नहीं पढ़ाया गया है। एंकर द्वारा किए गए इस दावे पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह के कमेंट करते हुए खिंचाई कर रहे हैं।

एंकर ने किया ऐसा दावा

एंकर ने शो के दौरान कहा कि मुगलों की तारीफ इसलिए भी की जाती है कि उन्होंने बेहतरीन आर्किटेक्चर वाली इमारतें बनाई है। इसके साथ उन्होंने कहा कि इस देश में लोगों को नहीं बताया गया कि मुगलों से कई गुना अच्छा चोल साम्राज्य में मंदिर और इमारतें बनवाई गईं। इस दौरान उन्होंने चोल राजाओं द्वारा बनवाए गए कई मंदिरों का जिक्र किया।

शो का वीडियो किया शेयर

एंकर सुशांत सिन्हा ने अपने शो का वीडियो शेयर कर लिखा कि इस देश का इतिहास कैसे पढ़ाया गया है, सोचिए कि दिमाग में मुगलों की शिल्प कला की तारीफ तो कूट-कूट कर भर दी गई है लेकिन हिंदू चोल राजाओं ने कई सौ साल पहले उससे भी बेहतर जो किया उसका नाम भी नहीं पता होगा आपको। पाठशाला में चोल राजाओं का गौरवशाली इतिहास सुनिए।

एंकर के दावे पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी खिंचाई की तो वहीं कुछ लोग उनका समर्थन करते हुए नजर आए।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

महाराष्ट्र कांग्रेस सेवादल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एनसीईआरटी किताब के एक पेज की तस्वीर साझा कर लिखा गया कि एनसीईआरटी की किताबें ठीक नहीं पढ़ी होंगी। यहां तक कि यूपीएससी की तैयारी के लिए एनसीईआरटी की किताबें पढ़ी जाती हैं। नोट बनाए जाते हैं।

अभिषेक चंद्र नाम के यूजर लिखते हैं – आपको एक बार फिर से एनसीईआरटी की हिस्ट्री की किताब पढ़ लेनी चाहिए।

वीरेंद्र साहू नाम के एक यूजर ने एंकर की तारीफ कर लिखा कि नालंदा, तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय के पुस्तकालय को जिहादियों ने जलाकर भस्म कर दिया। हमें अपने इतिहास को शोध करने की आवश्यकता है।

मनीष कुमार नाम के एक टि्वटर हैंडल से कमेंट किया गया, ‘ आपने किताबें नहीं पढ़ी हैं क्या? हिस्ट्री की किताबों में चोल साम्राज्य के बारे में अच्छे से बताया गया है।’