उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हुई एक शादी की खूब चर्चा हो रही है। इस शादी में दूल्हा बना शख्स पहले लड़की था, जिसने अपना जेंडर बदलवाकर लड़का बन अपनी महिला मित्र से शादी की है। दरअसल शाहजहांपुर में काकोरी कांड के अमर नायक ठाकुर रोशन सिंह की प्रपौत्री सरिता सिंह ने अपना जेंडर चेंज करवा कर शरद सिंह बन गई हैं।
सरिता से जेंडर चेंज करवाकर शरद सिंह बनकर पीलीभीत की सविता से शादी की है। यह शादी 23 नवंबर को हुई है। शरद ने शादी के बाद कहा है कि अब मेरा सपना पूरा हो गया है। 18 साल तक सविता मेरा साया बनकर रही हैं। अब उन्हीं की वजह से सिर पर सेहरा सजा है।
शरद सिंह से शादी करने को लेकर सविता का कहना है कि मैं इस शादी से इतनी खुश हूं कि मेरे पास कोई शब्द नहीं हैं। शरद सिंह सहायक टीचर पद पर कार्यरत हैं। साल 2020 में शरद ने जेंडर बदलवाने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके लिए उन्होंने हार्मोन थेरेपी कराई थी। जिससे उनके चेहरे पर दाढ़ी आ गई और फिर आवाज भी बदल गई।
हालांकि सरिता के शरद बनाने की प्रक्रिया इतनी आसान नहीं थी, वह हमेशा लड़कों के कपड़े पहनते थे, जिसकी वजह से लोग उन्हें ताना मारते थे। कुछ महीने पहले ही उन्होंने इंदौर में सर्जरी करवाकर अपना जेंडर बदलवा लिया। यह प्रकिया सफल होने के बाद शरद ने जिलाधिकारी के पास आवेदन दिया और लिंग परिवर्तन प्रमाणपत्र हासिल कर लिया है।
लिंग परिवर्तन करवाकर शरद बने सरिता के परदादा ठाकुर रोशन सिंह हैं, ठाकुर रोशन सिंह भारत के स्वतन्त्रता संग्राम के एक क्रान्तिवीर थे, जिन्हें काकोरी कांड में सजा दी गई थी। उनका जन्म 22 जनवरी, 1892 को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हुआ था। ठाकुर रोशन सिंह के प्रपौत्र शरद सिंह दिव्यांग हैं, ऐसे में उनका अधिकतर वक्त व्हीलचेयर और बेड पर गुजरता है। इस स्थिति में सविता हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं। अब दोनों ने शादी कर ली है, जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल है।