राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने लोकजन शक्ति पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान पर निशाना साधा है। तेज प्रताप यादव ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक कार्टून शेयर कर रामविलास पासवान पर निशाना साधा है। इस कार्टून में तेज प्रताप यादव की मां और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को ‘देवी’ के रुप में दिखाया गया है। कार्टून में राबड़ी देवी केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान पर प्रहार करती नजर आ रही हैं। इस कार्टून को शेयर करते हुए तेज प्रताप यादव ने लिखा है कि ‘नारी जन्म देती है, ममता देती है और माफ भी कर देती है लेकिन इतिहास साक्षी है कि नारी का अपमान करने वाले बड़े – बड़े रावण और दुर्योधन भी नहीं बचे तो इन मौकापरस्त नेताओं की क्या औकात है…?’
दरअसल पिछले सप्ताह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामविलास पासवान ने आरजेडी की निंदा करते हुए कहा था कि लालू प्रसाद यादव इस पार्टी के संस्थापक थे और उन्होंने ही उच्च जाति कोटा का स्लोगन दिया था। इतना ही नहीं लालू प्रसाद ने एक अंगूठा छाप को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया। हालांकि उस वक्त रामविलास पासवान ने राबड़ी देवी का नाम नहीं लिया था। केंद्रीय मंत्री के इसी बयान के बाद तेज प्रताप यादव ने अब रामविलास पासवान पर निशाना साधा है। तेज प्रताप यादव ने जो कार्टून शेयर किया है उसमें राबड़ी को जहां ‘देवी’ के रुप में दिखाया गया है तो खुद तेज प्रताप यादव शेर के रुप में नजर आ रहे हैं। वहीं रामविलास पासवान को राक्षस के रुप में दिखाया गया है।
नारी जन्म देती है, ममता देती है और माफ भी कर देती है लेकिन इतिहास साक्षी है कि नारी का अपमान करने वाले बड़े – बड़े रावण और दुर्योधन भी नहीं बचे तो इन मौकापरस्त नेताओं की क्या औकात है…? pic.twitter.com/bsaJnztkHC
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) January 15, 2019
बता दें कि रामविलास पासवान के इस बयान के बाद खुद उनकी बेटी आशा ने भी नाराजगी जताई थी। आशा ने कहा था कि उनकी मां भी अशिक्षित थीं और उन्हें इस बात से काफी दुख पहुंचा है। इतना ही नहीं आशा ने इस मामले में नाराज होकर धरना भी दिया था और एलजेपी चीफ से माफी की मांग भी की थी।
बता दें कि आशा रामविलास पासवान की पहली पत्नी की बेटी हैं।

