टिक-टॉक (TikTok) ऐप के प्रति देश में लोगों की दीवानगी किसी से छुपी नहीं है। इस ऐप के इस्तेमाल में कई बार लोग अपनी जान तक जोखिम में डालने से नहीं चूकते। इसके मद्देनजर कुछ समय पहले मद्रास हाईकोर्ट ने टिक-टॉक ऐप को डाउनलोड करने पर अल्पकालिक पाबंदी लगा थी। लेकिन इस बीच इसी ऐप के जरिए तमिलनाडु की एक महिला को तीन साल पहले खोया हुआ पति मिलने की खबर है। बताया जा रहा है कि महिला के एक रिश्तेदार ने ट्रांसजेंडर्स के Tik-Tok वीडियो में उसके पति को देखा था। जिसके बाद पुलिस की मदद से महिला के खोये पति को ढूंढ निकाला गया।
National Hindi News, 03 July 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें
क्या है मामला: यह घटना तमिलनाडु के विल्लुपुरम की बताई जा रही है। जहां जयप्रदा और सुरेश नाम के दंपति अपने दो बच्चे के साथ रहते थे। लेकिन 2016 में सुरेश काम पर जाने के लिए घर से निकला और दोबारा वापस नहीं आया। उसकी पत्नी जयप्रदा ने उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से कई दिनों तक सुरेश के बारे में पूछताछ की लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन इस बीच कुछ दिन पहले जयप्रदा के एक रिश्तेदार ने बताया कि उसने TikTok के एक वीडियो में ट्रांसजेंडर महिला के साथ सुरेश जैसे दिखने वाले एक शख्स को देखा है।
3 साल से लापता पति टिकटॉक पर मिला: रिश्तेदार ने जैसे ही जयप्रभा को वीडियो दिखाया तो उसने इस बात कि पुष्टि की कि वीडियो में दिख रहा शख्स उसका पति सुरेश है। जिसके बाद वह विल्लुपुरम पुलिस स्टेशन गई जहां उसने पुलिस अधिकारियों को इस बारे में बताया। पुलिस ने फ़ौरन एक्शन लेते हुए ट्रांसजेंडर एसोसिएशन की मदद से सुरेश को खोज निकाला। बता दें कि कुछ महीने पहले मद्रास हाईकोर्ट ने बाल सुरक्षा की चिंताओं का हवाला देते हुए, टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया था। इससे पहले, तमिलनाडु के विधायक थामिमुन अंसारी ने भी इस ऐप पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।