तमिलनाडु के फिटनेस फ्रीक मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से जब एक महिला ने सेहत के राज को लेकर सवाल किया तो वह शर्मा गए। ये लम्हा कैमरे में कैद हो गया। तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी डीएमके ने यह वीडियो शेयर किया तो सोशल मीडिया पर वायरल होते इसे देर नहीं लगी। इसमें दिख रहा है कि कैसे महिला के सवाल पर स्टालिन शर्माने लगे थे।
दरअसल, स्टालिन चेन्नई में अपनी मार्निंग वॉक पर थे। तभी रास्ते में मिली एक महिला ने उनसे उनके फिटनेस का राज पूछा। सीएम इस दौरान शर्माते हुए देखे गए। वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला 68 वर्षीय स्टालिन से पूछती है कि आप इतने युवा और फिट कैसे दिखते हैं। महिला ने पूछा- आपके जवान दिखने का राज क्या है। वीडियो में महिला के इस सवाल पर मुख्यमंत्री मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ लम्हे तक शर्माने के बाद वह हंसते हैं और कहते हैं कि यह डाइट कंट्रोल की वजह से है।
राजनीतिक गलियारों में स्टालिन की फिटनेस को लेकर चर्चाएं अक्सर होती रहती हैं। 70 के नजदीक पहुंचकर भी वह काफी फिट और एक्टिव दिखते हैं। अक्सर उन्हें जिम में पसीना बहाते हुए और साइकिल चलाते हुए भी देखा गया है। सत्तारूढ़ डीएमके स्टालिन को फिटनेस फ्रीक के तौर पर दर्शाने के लिए लगातार वीडियो पोस्ट कर रही है। पिछले महीने स्टालिन की टीम ने उनके वर्कआउट का वीडियो शेयर किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया था।
M K Stalin blushes as a lady asks the secret of his youthful look, during his morning walk. He responds "diet control". pic.twitter.com/178TnzrNxE
— J Sam Daniel Stalin (@jsamdaniel) September 21, 2021
डीएमके ने जो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं, उनमें से एक वीडियो में उन्हें साइकिल चलाते हुए और स्थानीय लोगों के साथ सेल्फी लेते हुए देखा गया। एक दुकान पर चाय के लिए भी उन्हें रुकते हुए भी देखा गया था। जानकार कहते हैं कि स्टालिन की यह खूबी भी उनकी लोकप्रियता का एक कारक है। वह लोगों से संवाद करना जानते हैं। अपनी वाकपटुता के जरिए ही वह लोगों के दिल में अपनी जगह बना लेते हैं।
गौरतलब है कि डीएमके ने अन्नाद्रमुक का सूपड़ा साफ करके सत्ता हासिल की है। स्टालिन का इसमें खासा योगदान रहा। उन्होंने न केवल पार्टी को लीड किया बल्कि उनसे सीधा संवाद कायम करके दर्शाया कि वह आम जन से किस कदर जुड़े हैं। तमिलनाडु की राजनीति कभी जयललिता और करुणानिधि के इर्द-गिर्द ही घूमती थी। अब स्टालिन का भी खास मुकाम है।