पैगंबर मोहम्मद पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में भाजपा विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ हैदराबाद में खूब बवाल हुआ। आखिरकार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद भाजपा से भी उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर लोग बीजेपी द्वारा उठाए गये इस कदम पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
राजा सिंह गिरफ्तार, पार्टी ने किया सस्पेंड
भारतीय जनता पार्टी ने राजा सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दस दिनों के भीतर उनसे जवाब मांगा है। जांच पूरी होने तक उन्हें पार्टी से निलंबित किया गया है। अब राजा सिंह को जवाब देना है कि पार्टी से उन्हें क्यों ना निकाला जाए। अब इस पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
भड़के लोगों ने दी ऐसे प्रतिक्रियाएं
एक यूजर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि भाजपा से बहुत निराश हैं, अगर वे चाहते हैं कि भारत में शरिया के अनुसार शासन किया जाए तो उन्हें संविधान से सेक्युलर को हटा देना चाहिए। खेल के मैदान को समतल करें, केवल हिंदुओं को धर्मनिरपेक्ष संविधान और कानूनों से क्यों बांध रहे हैं? जयंती नाम की यूजर ने लिखा इसमें हैरान होने वाली बात नहीं है, भाजपा कुछ भी कर सकती है।
मनोज अग्रवाल नाम के यूजर ने लिखा कि बीजेपी ने समय पर सही निर्णय लिया है, बिना कारण किसी के भी धर्म – मजहब का मजाक बनाना गलत है। राजा सिंह आप विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के नेता हो, आपको इतनी समझ तो रखनी ही चाहिए। विशाल अरोरा नाम के यूजर ने लिखा कि अति उत्साह में गलत बयानबाजी कर बैठते है, बीजेपी को चाहिए कि हर नेता, मुख्यमंत्री को किसी भी तरह के इंटरव्यू बयान देने पर पूर्ण रूप से रोक लगाए। मोहम्मद उस्मान नाम के यूजर ने लिखा कि पैगम्बर-ए-इस्लाम की शान में गुस्ताखी करने वाले नवीन जिंदल और नूपुर शर्मा को गिरफ़्तार करने के बजाए बीजेपी सरकार ने उन्हें सुरक्षा प्रदान किया है। अब बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने पैगम्बर-ए-इस्लाम के खिलाफ जहर उगला है। आखिर यह कब तक चलता रहेगा?
एक यूजर ने लिखा कि ये पार्टी कभी भी अपने लोगों के साथ नहीं खड़ी हो सकती है। शशांक नाम के यूजर ने लिखा कि वाह मोदी वाह! इससे पहले की अरब का विदेश मंत्रालय कुछ कहे, मैं तो पहले ही सस्पेंड कर दूंगा। विपिन नाम के यूजर ने लिखा कि भाजपा मुसलमानों के पैगंबर के अपमान को महत्त्व दे रही है, ठीक है पर हिंदू देवी देवताओं के अपमान के लिए कोई कानून क्यों नहीं बनाती, तराजू को सीधा रखना चाहिए। एक अन्य यूजर ने लिखा कि माननीय SC की कड़ी फटकार के बाद भी लगातार हो रहे इस तरह के मामले और नेताओं की बदजुबानी से ये तय हो गया है कि ये एक बड़ी सोची समझी रणनीति से किया जा रहा है।
बता दें कि टी राजा सिंह को भड़काऊ बयानबाजी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। राजा सिंह की गिरफ्तारी पर हैदराबाद के दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त पी साई चैतन्य ने कहा कि राजा सिंह के खिलाफ भड़काऊ बयान और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के तहत मामला दर्ज किया गया है।
