हमें हर उम्र में फिट रहने के लिए कहा जाता है। योगा, व्यायाम हमेशा करते रहने की सलाह दी जाती है। हालांकि भाग-दौड़ भरी जिन्दगी में लोगों के पास अपने लिए वक्त ही नहीं मिल पाता। एक बुजुर्ग का वीडियो वायरल हो रहा है, जो पार्क में गजब का व्यायाम कर रहे हैं। उनके शरीर की फुर्ती देखकर रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी भी तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाए।
वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग पार्क में व्यायाम करते दिखाई दे रहे हैं। वहां लगी रेलिंग पर वह फुर्ती के साथ व्यायाम कर रहे हैं। करीब 70 साल की उम्र में जिस फुर्ती से वह एक्सरसाइज कर रहे हैं, वह वाकई सबको हैरान कर देने वाला है। वीडियो शेयर कर सुनील लहरी ने लिखा कि ‘इन 70 प्लस सज्जन के लिए उम्र सिर्फ एक संख्या है भावना इनके जैसी होनी चाहिए, अपने जीवन का हर उम्र में भरपूर आनंद लें।’
बुजुर्ग के वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
एक ने लिखा, ‘ये सबसे अच्छा उदाहरण है कि उमर 55 की और दिल बचपन का होना चाहिए।’ नारायण गुप्ता ने लिखा, ‘साथ वाला मदद करने गया था, देख के पीछे ही हट गया कि कहीं चाचा मेरे पर ना चढ़ जाएं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘हे भगवान, इस उम्र में इनके शरीर में कितनी फुर्ती है।’ एक ने लिखा, ’70 साल की उम्र में भी कितना एक्टिव हैं, वाह, उम्र चाहे जितना भी हो, दिल हमेशा एक बच्चा ही रहता है।’ एक यूजर ने लिखा कि ये अंकल इस उम्र में इतना उछल कर रहे हैं तो बचपने में क्या करते होगें?
एक अन्य ने लिखा, ‘बचपना कभी नहीं जाना चाहिए, उम्र कितनी भी हो जाए। यही जिंदगी जीने का सबसे बड़ा मंत्र है।’ एक ने लिखा, ‘हमारे बुजुर्ग एक्टिव रहा करते थे लेकिन आज कर लोग घर में साफ़-सफाई नहीं कर पाते। वो ये सब कहां कर पाएंगे।’ एक अन्य ने वीडियो पर लिखा, ‘चाचा जी ने तो कमाल कर दिया, वह भले ही 70 साल के हो लेकिन उनका शरीर और मन अभी ही 25 का ही दिखाई देता है।’
बता दें वीडियो को सुनील लहरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिसे अब तक करीब 12 हजार लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो को करीब डेढ़ लाख लोगों ने देखा है। वीडियो देखने के बाद अधिकतर लोगों का कहना है कि हमें हमेशा अपने शरीर में इस तरह की फुर्ती रखने की कोशिश करनी चाहिए। ख़ासकर नौजवानों को इन बुजुर्ग से सीखना चाहिए जो घर में ही फोन में व्यस्त रहते हैं।
