बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर ने मुंबई पुलिस के सामने खुद को स्पेशल दिखाने की कोशिश की तो मुंबई पुलिस ने भी इसका माकूल जवाब दिया। यह सब ट्विटर पर हुआ। मुंबई पुलिस ने ट्विटर पर सोनम कपूर को जवाब देते हुए लिखा कि हमारे लिए, कोई मुम्बईकर ‘रेगुलर’ नहीं हैं, सभी ‘स्पेशल’ हैं! और हम सभी के बारे में भी उतने ही चिंतित हैं। दरअसल शुक्रवार को ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में सोनम कपूर की आने वाली फिल्म ‘द जोया फैक्टर’ के को स्टार दलकीर सलमान हाथ छोड़कर गाड़ी चलाते नजर आ रहे हैं और उस दौरान वह फोन इस्तेमाल कर रहे थे। इस वीडियो में सोनम कपूर की आवाज आ रही है वह इसे ‘वीयरडो’ कह रही हैं।

इसके बाद मुंबई पुलिस ने इस वीडियो को लेकर एक रीट्वीट किया। ट्वीट में मुंबई पुलिस ने लिखा ‘सोनम कपूर हम आपसे सहमत हैं। यह एक ‘वीयरडो’ है, ऐसे स्टंट्स से आप अपने साथी चालकों की जिंदगी को भी खतरे में डालने का प्रयास कर रहे हैं। हम ‘रील लाइफ’ में भी इसकी इजाजत नहीं दे सकते।’

मुंबई पुलिस के ट्वीट करने के बाद सोनम कपूर ने फिर ट्वीट किया, ‘हम गाड़ी नहीं चला रहे थे। हम एक ट्रक से बंधे हुए थे, जो चल रहा था, लेकिन मुझे खुशी है कि आप लोग चिंतित हैं। मुझे उम्मीद है और मुझे पता है कि आप नियमित रूप से भी समान रुचि दिखाते हैं। ख्याल रखने के लिए शुक्रिया।’ दलकेर सलमान ने भी ट्वीट किया, “ट्वीट करने से पहले तथ्य जांचे जाते तो मैं इसकी सराहना करता। वास्तव में मुंबई पुलिस ने शूट के दौरान इजाजत और यातायात प्रबंधन के साथ हमारी मदद की और उस पूरे वक्त वह वहां मौजूद थी।” इसके बाद जब फैंस ने मुंबई पुलिस को ट्रोल करना शुरू किया तो सोनम कपूर ने ट्वीट कर कहा, ‘मुंबई पुलिस अपना काम कर रही थी और अच्छा काम करती है, उन्हें इस तरह से परेशान मत कीजिए, हमें उनका शुक्रगुजार होना चाहिए।’