सिक्किम से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के पेट डॉक्टरों ने सर्जरी कर के सर्जिकल सिजर निकाला है। आरोप है कि 12 साल पहले जब महिला ने अपेंडिक्स की सर्जरी कराई थी, तभी डॉक्टरों ने उसके पेट में कैंची छोड़ दी थी। 12 साल तक वो दर्द से परेशान रही। अब मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार महिला लगातार अपने पेट में हो रहे दर्द को कम करने के लिए अपने अपेंडिक्स की सर्जरी कराने गई थी। हालांकि, सर्जरी कराने के बाद भी महिला दस साल से अधिक समय तक दर्द सहती रही। कई डॉक्टर से उसने कंसल्ट किया, लेकिन दर्द का निदान करने में वे विफल रहे।

इसी क्रम में इस महीने की शुरुआत में जब दर्द के कारण का खुलासा हुआ तो उसे और उसके परिवार को झटका लगा। वो सिर पर हाथ रखने को मजबूर हो गए। दरअसल, 45 वर्षीय महिला के पेट में सर्जिकल कैंची की एक पेयर थी। आरोप है कि उक्त कैंची को साल 2012 में एपेंडिसाइटिस ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों ने ही उसके पेट में छोड़ दिया था।

महिला के पति ने बताया कि उसने 2012 में गंगटोक के सर थुटोब नामग्याल मेमोरियल (एसटीएनएम) अस्पताल में पत्नी की सर्जरी कराई थी और उसके बाद उसके पेट में लगातार दर्द रहता था। उसने कई डॉक्टरों से सलाह ली, जिन्होंने उसे दवाएं दीं, लेकिन दर्द फिर से वापस आ जाता था।

इस बीच 8 अक्टूबर को, वो फिर से एसटीएनएम अस्पताल गई और एक्स-रे से पता चला कि उसके पेट में सर्जिकल कैंची हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम ने कैंची को हटाने के लिए तुरंत सर्जरी की।

मिली जानकारी अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है। वो फिलहाल अस्पताल में ही है और रिकवर कर रही है। हालांकि, जैसे ही यह खबर फैली, इससे आम लोगों में आक्रोश फैल गया। राज्य में अस्पताल और चिकित्सा अधिकारियों से पूरे मामले में जवाबदेही की मांग की गई। अब जांच शुरू हो गई है।