उत्तर प्रदेश में बुलडोजर की धमक के बाद मध्य प्रदेश में भी इसको लेकर खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच मध्य प्रदेश के रीवा से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शिवराज सिंह के अधिकारी एक झोपड़ी नुमा ढाबे को बुलडोजर से गिराते नजर आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह ढाबा रीवा के माफिया दीपक सिंह का है। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रिया दी जा रही है।

नवीन सिंह नाम के एक ट्विटर हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा गया, ‘ माफिया के आलीशान ठिकाने पर मामा का बुलडोजर… रीवा के माफिया दीपक सिंह के ढाबे पर बुलडोजर चलाया गया। जबकि नगर निगम के चार कर्मचारी से मिनटों में गिरा सकते थे लेकिन नंबर बढ़ाने के लिए रीवा प्रशासन यह किया। इस कार्रवाई के लिए रीवा प्रशासन को 100 तोपों की सलामी देनी चाहिए।’

इस वीडियो पर पत्रकार बृजेश राजपूत लिखते हैं – मरियल ढाबा महाबली क्रेन.. बहुत नाइंसाफी.. शिवराज सिंह चौहान का आदेश है तो चलेगा बुलडोजर ही भले झोपड़ी हो। अनुराग नाम के ट्विटर हैंडल से तंग करते हुए लिखा गया, ‘ये रीवा का प्रशासन है ये हिस्ट्रीशीटर दीपक सिंह का आलीशान ढाबा है। जिसे 5 बुलडोजर मिलकर नहीं गिरा पाए तो विदेश से आए इस बुलडोजर ने जमींदोज किया, मतलब कुछ भी भैया।

रितेश सिंह ने इस वीडियो पर लिखा कि जितना बड़ा बुलडोजर होगा, प्रशासन का भौकाल उतना ही बढ़िया बनेगा। विपक्ष ने बुलडोजर बोल बोल कर एक प्रतीक स्थापित कर दिया है, अब इसके जरिए ही नया इतिहास लिखा जाएगा और सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा। कुमुद् सिंह ने कमेंट किया, ‘ इसे कहते हैं तोप से मच्छर मारना। यह देश मजेदार है।’ संजय नाम के एक ट्विटर हैंडल से लिखा गया कि मामा तो बाबा की राह पर चल निकले हैं।

दुष्कर्म के आरोपी महंत के घर पर भी हाल में ही चला है बुलडोजर : मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सर्किट हाउस में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी कथा वाचक महंत सीताराम दास के पुश्तैनी मकान पर भी शिवराज सरकार में बुलडोजर चलवाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले में बुलडोजर चलाने के आदेश दिए थे।