भारी बारिश ने मायानगरी मुंबई को पानी-पानी कर दिया है। मुंबई के विभिन्न इलाके इस वक्त जलमग्न हैं। रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने की वजह से कई ट्रेनें रद्द हो चुकी हैं और फ्लाइट भी कैंसिल हुई हैं। सड़कों पर भारी जलजलमाव होने की वजह से लोग घुटने भर पानी में आने-जाने को मजबूर हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा की एक तस्वीर सामने आई है। संबित पात्रा मुंबई की सड़क पर घुटने भर पानी में हाथों में जूता लिए भाजपा दफ्तर जा रहे हैं। मुंबई में भाजपा का दफ्तर ईस्ट दादर में है।

इस इलाके में जबरदस्त जलभराव हुआ है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा की जो तस्वीर सामने आई है उसमें महाराष्ट्र भाजपा के प्रवक्ता केशव उपाध्याय भी नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं के हाथ में छाता है। पानी ज्यादा होने की वजह से दोनों नेता घुटने भर पानी में चल रहे हैं और संबित पात्रा ने अपना जूता अपने हाथों में ले रखा है।

आपको बता दें कि इस वक्त मुंबई में आफत की बारिश हो रही है। मुंबई और नजदीक के क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण परेल, धारावी, मांटुंगा, और मुंबई में किंग सर्किल और दिवा, डोम्बिवली, कल्याण और अंबरनाथ सहित पड़ोस के ठाणे जिले के शहरों में बाढ़ जैसी स्थिति है। हालांकि अब मध्य रेलवे ने जानकारी दी है कि तीनों लाइनों – मुख्य, हार्बर और ट्रांस हार्बर पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई में अगले गुरुवार तक बारिश की संभावना जताई है।

शहर में जलजमाव की वजह से टिफिन सेना देने वाले डब्बावालों ने मंगलवार(10 जून) को टिफिन सेवा बंद रखा। इधर महाराष्ट्र सरकार का कहना है कि सरकार की तरफ से जल निकासी को लेकर इंतजाम किये गये हैं। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि पानी निकालने के लिए 150 अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं। सरकार ने लोगों से बेवजह घरों से ना निकलने की अपील की है। स्कूलों में भी छुट्टियों का ऐलान किया गया है।