जानवरों को पालना, उनके साथ खेलना और समय व्यतीत करना कुछ लोगों का शौक होता है। कुछ लोग ऐसे जानवरों को पालते हैं, जो बुरी स्थिति में सड़क किनारे मिलते हैं और लावारिश होते हैं। एक महिला ने एक ऐसे ही जानवर को बिल्ली का बच्चा समझकर अपने घर ले आई लेकिन जैसे जैसे वह जानवर बड़ा होता गया, उसकी सच्चाई सामने लगी।

रूस की एक विक्टोरिया नाम की महिला की नजर साइबेरिया के पास जंगल में पड़े बिल्ली के बच्चे पर पड़ी। बिल्ली के बच्चे की जान बचाने के लिए विक्टोरिया ने उसे पालने की ठान ली। हालांकि उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिसे वह बिल्ली का बच्चा समझकर पाल रही है, वह साइबेरियाई चिड़ियाघर में पैदा हुए पैंथर का बच्चा है जिसका नाम लूना है।

बिल्ली का बच्चा समझकर पाल लिया ब्लैक पैंथर

लूना (ब्लैक पैंथर) को उसकी अपनी मां ने अस्वीकार कर दिया था, जिससे उसकी जिन्दगी लावारिस हो गई थी। ऐसे स्थिति में उसकी मौत हो सकती थी लेकिन विक्टोरिया ने उसे पालने और उसकी देखभाल करने का मन बना लिया। धीरे-धीरे लूना बड़ा होता गया तो यह साफ़ हो गया कि वह एक ब्लैक पैंथर है, जो इंसानों के लिए खतरनाक हो सकता है।

सामने आये वीडियो में देखा जा सकता है कि लूना ना सिर्फ विक्टोरिया के साथ रहता है बल्कि पालतू कुत्ते के साथ उसकी अच्छी दोस्ती भी है। दोनों साथ में खेलते हैं और घुमते हैं। दोनों की दोस्ती देखकर अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है कि उनमें से एक खतरनाक जंगली जानवर है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पैंथर को बड़े होते दिखाया गया है।

विक्टोरिया ने लूना के वीडियो को शेयर करने के लिए @Lona_the_pantera नाम का टिकटॉक अकाउंट बनाया। इस प्लेटफ़ॉर्म से शेयर किये गए वीडियो से लूना की तरफ लोगों का ध्यान गया। दुनिया भर के सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो देखा और फिर लूना की कहानी सामने आई।

हालांकि लोग इस वीडियो को देखकर विक्टोरिया की तारीफ जरूर कर रहे हैं लेकिन साथ में नसीहत दे रहे हैं कि लूना एक जंगली जानवर है, उससे हमेशा सावधान रहना होगा और उसका ध्यान रखना एक बड़ी चुनौती है।