वाराणसी में बड़ी संख्या में विदेश पर्यटक पहुंचते हैं, यहां का माहौल विदेशी पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। हालांकि इस वक्त एक रूस की महिला का वीडियो वायरल हो रहा है, जो वाराणसी घूमने पहुंची थी। इस महिला ने काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर खड़ी होकर जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद महिला बेहोश हो गई और फिर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला काशी विश्वनाथ मंदिर के VVIP गेट पर खड़ी होकर हंगामा कर रही है। वहां मौजूद पुलिसकर्मी महिला की हरकत देखते रहे, कुछ देर बाद ही महिला बेहोश हो गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया गया कि महिला नशे में थी।
लोगों का आरोप-नशे में थी महिला
मंदिर के आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि महिला के कदम लड़खड़ा रहे थे, वह जो बोल रही थी स्पष्ट नहीं हो रहा था। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह नशे में थी। कहा जा रहा है कि महिला बिना जांच के मंदिर में प्रवेश करना चाह रही थी लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया, इसके बाद वह हंगामा करने लगी।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में इलाज के बाद महिला की हालत ठीक हुई और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि महिला को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा या नहीं। सोशल मीडिया पर महिला का यह वीडियो वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इस महिला का नाम स्नो व्हाइट है और यह रूस की रहने वाली है। महिला 4 दिन पहले वाराणसी आई थी और वाराणसी के किसी होटल में ठहरी हुई थी। स्नो व्हाइट टूटिस्ट पासपोर्ट पर मास्को से बनारस आई है। हालांकि वाराणसी पहुंच इस महिला ने हंगामा कर दिया।