14 अप्रैल को पूरे देश में आंबेडकर जयंती मनाई गई। देश के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबडेकर की 133वीं जयंती पूरे देश में मनाई गई। संसद भवन परिसर में बाबा साहेब की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान देश के तमाम बड़े नेता यहां मौजूद रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा पीएम मोदी ने भी भीमराव आंबडेकर को श्रद्धांजलि दी है। हालांकि पीएम मोदी की एक तस्वीर शेयर कर राजद ने सवाल उठाया है।
पीएम मोदी की तस्वीर पर उठाया सवाल
RJD की तरफ से डॉ. भीमराव आंबडेकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते पीएम मोदी की तस्वीर शेयर कर ट्वीट किया गया है। RJD के ट्विटर अकाउंट से लिखा गया कि बाबा साहेब अंबेडकर जी को श्रद्धांजलि देते समय जूते नहीं उतार कर क्या वंचित वर्गों को कोई संदेश देना चाहते है? क्या यह RSS की कोई नई चाल है? जूते उतारने में क्या दिक्कत थी? इस पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
@meriteshkashyap यूजर ने लिखा कि राजद वाले कह रहे हैं कि जूते पहन कर पुष्प अर्पित RSS की कोई नई चाल है। सवाल ये है कि RSS के चाल में सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कैसे फंस गए? इधर, जूते भी ऐसे पहने हैं जैसे लग रहा है कि पहने ही नहीं। क्या RSS ने ही अलग तरीके के जूते बनवाये होंगे? रोहित नाम के यूजर ने राहुल गांधी और मायावती की तस्वीर शेयर कर लिखा है कि बाबा साहेब अंबेडकर जी को श्रद्धांजलि देते समय जूते नहीं उतार कर क्या वंचित वर्गों को कोई संदेश देना चाहते है? क्या यह राहुल गांधी और मायावती की कोई नई चाल है? जूते उतारने में क्या दिक्कत थी?
किसी भगवान को फूल अर्पित नही किए है जिसने जूते उतारना जरूरी हो। सम्मान देना जरुरी हैं और करना भी। ओम प्रकाश सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि जूते उतारने और पहनने के अंधविश्वास से बाहर निकलें, ऐसा कोई पाखंड ना रचें। एक अन्य यूजर ने लिखा कि वे कड़ी मेहनत और ईमानदारी से देश के लोगों के लिए कार्य करते रहेगें और आप लोग ऐसी मानसिकता में उलझे रहेगें। यही कारण है कि वे लोगों के दिलों में हैं और बार बार जीत रहे हैं।
पीएम मोदी ने डॉ. भीमराव आंबडेकर जयंती पर एक ट्वीट भी किया, उन्होंने ट्वीट में लिखा, “समाज के वंचित और शोषित वर्ग के सशक्तिकरण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पूज्य बाबासाहेब को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। जय भीम!” ससंद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी भी मौजूद थे। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी आंबडेकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।