बिहार के मोतिहारी में आयोजित आरजेडी के कार्यक्रम में मारपीट हो गई। मारपीट आरजेडी के ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हुई है। आरजेडी विधायक मनोज यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कार्यक्रम के मंच से कूद कर कार्यकर्ताओं के बीच जाते दिखाई दे रहे हैं और फिर लोगों को पैर से मारने लगे।
आरजेडी विधायक द्वारा अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लात-घूंसे बरसाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना मोतिहारी के बापू सभागार की है, जब आरजेडी विधायक कार्यकर्ताओं को पीट रहे थे, उस वक्त तब मंच पर तीन मंत्री समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। हालांकि किसी ने विधायक मनोज यादव को रोकने की कोशिश नहीं की।
नारेबाजी से परेशान विधायक ने कार्यकर्ताओं को पीटा
पूर्वी चंपारण में आरजेडी अति पिछड़ा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जहां गुटबाजी में दो नेताओं के कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। बताया जा रहा है कि आरजेडी के ही नेता विनोद श्रीवास्तव के लिए मंच पर कुर्सी नहीं लगी थी, इसी से उनके समर्थक नाराज हो गए और नारेबाजी कर रहे थे। इस पर विधायक मनोज यादव भड़क गए।
मनोज यादव तेजी से मंच से उतरते और कार्यकर्ताओं को दौड़कर पीटते दिखाई दे रहे हैं। अब सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है और विरोधियों को आरजेडी के नेताओं के बीच चल रही गुटबाजी पर तंज कसने का मौका मिल गया है।
सुबह शाम राजस्थान आने का क्या मतलब? उपराष्ट्रपति पर भड़क गए सीएम अशोक गहलोत? देखिए वीडियो
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
मनोज कुमार ने लिखा, ‘बिहार के गुंडे नेताओं का असली चेहरा सामने आ रहा है। अब इन जैसे नेताओं से अपने बच्चों के भविष्य की क्या ही उम्मीद कर सकते हैं?’ शुभम ने लिखा, ’90 के दौर में वापस लौटे लालू, पहले तथाकथित ब्राह्मण से ठाकुरों को गाली दिलवाया और आज यादव से मोतिहारी में कायस्थ को पिटवाया।’ एक ने लिखा, ‘पूरे जोश के साथ लड़ता, झगड़ता और आगे बढ़ता बिहार।’
एक ने लिखा, ‘ये लोग सामाजिक न्याय और गरीब की आवाज को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।’ एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘इसमें गलत क्या है, ये लोग वहीं कर रहे हैं जो करते आये हैं। अब ये सब उनके लिए नया है जो पहली बार देख रहे हैं। आशीष कांत ने लिखा, ‘यहां तो कोई ठाकुर का मामला नहीं था तो आपस में क्यों लड़ झगड़ रहे हैं लोग?’