अमेरिकन पॉपस्टार रिहाना के एक ट्वीट ने मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक में हंगामा मचा रखा है। रिहाना का यह ट्वीट भारत में आंदोलन कर रहे किसानों के लिए था। रिहाना ने लिखा था कि कोई इन मुद्दों पर बात क्यों नहीं कर रहा है।
रिहाना का ट्वीट आते ही सोशल मीडिया दो धड़ों में बंट गया। कुछ ने रिहाना के ट्वीट पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि उनकी नीति विदेशों में भारत की छवि खराब कर रही है। वहीं बहुत से लोगों ने लिखा कि किसान आंदोलन भारत का आंतरिक मुद्दा है इसमें किसी विदेशी का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी मुद्दे पर हिंदी न्यूज चैनल न्यूज 18 इंडिया पर एक डिबेट शो का आयोजन किया गया। इस लाइव डिबेट में तमाम पैनलिस्ट के साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता अल्का लांबा और बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा भी मौजूद थे। दोनों के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस हुई। डिबेट में एक वक्त ऐसा भी आया जब संबित पात्रा रिहाना को रिहाना गांधी संबोधित करते हुए चिल्लाने लगे।
डिबेट में संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस वाले कह रहे हैं कि रिहाना के 100 मिलियन फॉलोअर्स हैं। ऐसा है तो कांग्रेस पार्टी रिहाना को ही अपना पीएम कैंडीडेट घोषित कर दे। ये कहते हुए सिंबत नारा लगाने लगे कि राहुल हटाओ रिहाना लाओ।
संबित पात्रा को जब कांग्रेस प्रवक्ता ने टोका तो उन्होंने कहा कि मुफ्त में सलाह दे रहे हैं मान लीजिए। रिहाना गांधी को अपना पीएम कैंडीडेट घोषित कर दीजिए। रिहाना को बार-बार रिहाना गांधी कहते हुए चिल्लाने लगे संबित पात्रा।
डिबेट के इस अंश का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। संबित पात्रा ने भी यह वीडियो रिट्वीट किया है। इस वीडियो पर लोगों का मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
#आर_पार
जब BJP के संबित पात्रा ने रिहाना को ‘रिहाना गांधी’ के नाम से संबोधित किया और मांग की कि उसको कांग्रेस की PM उम्मीदवार बनाना चाहिए#Rihanna #FarmersProtest @AMISHDEVGAN @sambitswaraj pic.twitter.com/ZmVGh0xbNn
— News18 India (@News18India) February 3, 2021
डिबेट में संबित पात्रा ने ये भी कहा कि दो चार पोर्नस्टार और पॉप स्टार के कुछ भी बोल या लिख देने से देश का नैरेटिव नहीं बदल सकता। उन्होंने रिहाना को खालिस्तानी समर्थक कैनेडियन सांसद का सपोर्टर बताया। उन्होंने रिहाना के ट्वीट के पीछे अंतरराष्ट्रीय साजिश का आरोप भी लगाया।

