Rekha Gupta News: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो चुकी है, बीजेपी ने रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दिया है। सोशल मीडिया पर हर तरफ रेखा गुप्ता का नाम ट्रेंड कर रहा है। रेखा गुप्ता का नाम भावी दिल्ली सीएम के तौर पर सबसे आगे चल रहा था। बीजेपी ने रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी है, कल यानी 20 फरवरी को रेखा गुप्ता दिल्ली के नए सीएम के तौर पर रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। इस बीच सोशल मीडिया पर रेखा गुप्ता के नाम के जयकारे लग रहे हैं, उनके घर के बाहर महिलाओं की भारी भीड़ जुटी हुई है। बता दें कि रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा होने से पहले ही उनकी सास ने मीडिया के सामने यह दावा किया था उनकी बहू ही दिल्ली की सीएम बनेंगी।
रेखा गुप्ता के बारे में यहां जानें-
रेखा गुप्ता के सास ने दावा किया था कि उनकी बहू योग्य है, बहुत मेहनत करती हैं, हम सभी एक साथ रहते हैं, वे मेरा आशीर्वाद लेकर गईं हैं, मुझे 99 प्रतिशत उम्मीद है कि वही सीएम बनेंगी। रेखा गुप्ता के नाम के घोषणा होने के साथ ही उनकी सास का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर कमेंट कर रहे हैं, लोगों का कहना है कि जिनके साथ उनके घर के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद रहता है वे जरूर सफल होते हैं। रेखा गुप्ता की सास हाथ में मिठाई का डिब्बा लिए खुशी से फूले नहीं समा रही हैं, लोगों को सास और बहू के बीच का प्यार देख खुशी हो रही है।
भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है, भाजपा सूत्रों ने बुधवार को विधायक दल की बैठक के बाद इसकी पुष्टि की। नई दिल्ली से विधायक प्रवेश वर्मा का डिप्टी सीएम बनना तय है और रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का स्पीकर नियुक्त किया गया है. भाजपा 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी, विधानसभा चुनाव में 70 में से 44 सीटों पर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जिसके नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए गए। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होना है।
सर्वसम्मति से चुनी गईं पार्टी विधायक दल की नेता
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुना गया। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। उनका जन्म हरियाणा में हुआ था और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रही हैं। विधायक दल की बैठक में पार्टी के सभी 48 विधायक मौजूद थे। विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से विधायक दल की नेता चुना गया है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। भाजपा सांसद मनोज तिवारी और कमलजीत सेहरावत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी और वह कल दोपहर 12 बजे शपथ लेंगी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता वर्तमान में भाजपा की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। भाजपा पांच फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर 27 साल बाद सत्ता में आई है। भाजपा सूत्रों ने कहा कि सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए रेखा गुप्ता पार्टी नेताओं के साथ राजनिवास में उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात करेंगी। इस बीच, रामलीला मैदान में नयी सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार दोपहर में होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों सहित लगभग 50,000 लोगों के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।