9 अगस्त को राहुल गांधी ने लोकसभा में भाषण दिया और मणिपुर के हालात को लेकर सरकार पर हमला बोला। हालांकि राहुल गांधी का भाषण खत्म होते ही एक नया विवाद शुरू हो गया। सत्ता पक्ष की महिला सांसदों ने राहुल गांधी पर फ्लाइंग किस देने का आरोप लगा दिया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने तो इसको लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी राहुल गांधी पर तंज कसा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने किया ट्वीट
भाजपा की 20 से अधिक महिला सांसदों ने पत्र लिखकर स्पीकर शिकायत की है कि राहुल गांधी ने अपना भाषण खत्म करने के लिए अनुचित व्यवहार करते हुए फ्लाइंग किस दी। इस पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी चुटकी ली है। केपी मौर्य ने लिखा ट्वीट कर लिखा, “श्री राहुल गांधी जी को फ्लाइंग किस और गले पड़ने की पुरानी बीमारी है।”
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
कपिल पाण्डेय ने उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य के ट्वीट पर लिखा, ‘पूरी बीजेपी बुरी तरह से बौखलायी हुई है। जब मणिपुर पर कोई जवाब नहीं है तो अपने चिर-परचित हथकंडा अपनाते हुए राहुल गांधी पर अनर्गल दोषारोपण कर रही है, जो व्यक्ति 4000 km पैदल कर हज़ारों महिलाओं से मिला, क्या किसी महिला ने कोई शिकायत दर्ज करायी?’ रोहित जाटव नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘स्मृति ईरानी को राहुल गांधी की फ्लाइंग किस दिखाई दी, मणिपुर में दो लड़कियों की नग्न परेड करके घुमाया गया लेकिन इसने मणिपुर पर दो शब्द नहीं बोलेंगी। सरकार ऐसे करके गंभीर मामलों से ध्यान भटकाना चाहती है।’
स्वप्निल ने लिखा, ‘मतलब कुछ भी! इसी को लोकतंत्र की आवाज दबाना कहते हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘उपमुख्यमंत्री जी थोड़ा सा मणिपुर के हालात पर भी बोल दीजिये। एक अन्य ने लिखा, ‘कैसे लोग हैं आप लोग, प्यार भी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।’ एक ने लिखा, ‘राहुल गांधी जी हर बार सांसद में ऐसा कुछ क्यों करते हैं, जिसपर खूब विवाद होता है।’
बता दें कि स्मृति ईरानी ने लोकसभा में बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए। यह सिर्फ एक महिला द्वेषी आदमी ही कर सकता है। वहीं केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सभी महिला सदस्यों को फ्लाइंग किस देकर राहुल गांधी चले गए। यह सरासर एक सदस्य का दुर्व्यवहार है। यह एक सदस्य का अनुचित एवं अशोभनीय व्यवहार है।