कर्नाटक में हिजाब को लेकर हो रहा बवाल बढ़ता नजर आ रहा है। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक दल भी एक – दूसरे पर कटाक्ष करने में लगे हुए हैं। इसी बीच हिजाब के विषय पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट किया। जिस पर एंकर रुबिका लियाकत ने अपनी प्रतिक्रिया दी। जिसके बाद एंकर और कांग्रेस नेता रोहन गुप्ता के बीच नोक -झोंक हो गई। इस पर आम सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
दरअसल प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘चाहे वह बिकनी हो, घूंघट हो, जींस हो या हिजाब। यह तय करना एक महिला का अधिकार है कि वह क्या पहनना चाहती है। यह अधिकार महिलाओं को भारतीय संविधान ने दिया है। महिलाओं को प्रताड़ित करना बंद करो।’ उनके इसी ट्वीट पर रुबिका लियाकत ने कमेंट किया – डियर प्रियंका जी, आप तो लड़कियों को लड़ना सिखा रही थीं.. आपसे ये उम्मीद नहीं थी.. स्कूल में न बिकिनी चलेगी, न घूंघट, न ही हिसाब।
उनके इस ट्वीट पर कांग्रेस नेता रोहन गुप्ता ने तंज कसते हुए पूछा कि डियर रुबिका जी, ट्वीट पर प्रतिक्रिया देने से पहले ठीक से पढ़ना जरूरी होता है। जरा ट्वीट में स्कूल शब्द कहां है, वह बताइए और अगर आपको अपनी गलती महसूस हो रही है तो उसको माफी मांग कर सुधारिए। कांग्रेस नेता के ट्वीट पर रुबिका लियाकत ने जवाब दिया – डियर रोहन जी, ट्वीट करने से पहले मुद्दा समझना ज़रूरी होता है।
उन्होंने आगे लिखा कि ज़रा स्कूल के नोटिफिकेशन में ‘स्कूल के बाहर’ भी हिजाब नहीं पहनना है कहाँ लिखा है बताइए.. और अगर आपको अपनी ग़लती महसूस हो रही है तो माफ़ी वाफ़ी छोड़िए बस सुधार कर लीजिए। कांग्रेस नेता यही नहीं रुके, उन्होंने फिर से जवाब देते हुए लिखा – आपने प्रतिक्रिया प्रियंका जी के ट्वीट पर दी है, नोटिफ़िकेशन पर नहीं। एक महिला होने के नाते आप से अपेक्षा थी कि महिला अधिकार की प्रियंकाजी की बात का आप समर्थन करेंगी। पर अफ़सोस।
कांग्रेस नेता श्रीनिवास ने भी उनके ट्वीट पर लिखा – डियर रुबिका जी, स्कूल और कॉलेज में एक अकेली लड़की को सौ गुंडे घेर सकते हैं। उस पर आपकी चुप्पी, सीधा समर्थन है? इस नोकझोंक पर विनय मिश्रा नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि स्कूल की बात के बीच बिकिनी की बात कहां से आ गई? साहिल खान नाम के ट्विटर यूजर का लिखते हैं – नकाब के बजाय पढ़ाई लिखाई के लिए अगर यह लड़कियां लड़े तो शायद ज्यादा बेहतर होगा।