प्रेमानंद महाराज जी की तबीयत को लेकर लोग चिंतित हैं, देश-विदेश से लोग संत महाराज से मिलने वृंदावन पहुंचते हैं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होते रहते हैं। वे अपने सत्संग के जरिए लोगों का मार्गदर्शन करते हैं। वे सांसारिक और आध्यात्मिक जीवन के बारे में लोगों को उचित ज्ञान देते हैं। श्रद्धालु अपनी परेशानियों के बारे में प्रेमानंद महाराज से सवाल करते हैं और उनके जवाब सुनकर वे संतुष्टी करते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अभी महाराज जी की तबीयत ठीक नहीं चल रही है। इस कारण उनकी पदयात्रा भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। भक्त इससे निराश हैं औऱ उनकी अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
फिलहाल उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम bhajanmarg_official पर एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस देखने के बाद महाराज की सेहत को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है। महाराज जी की हालत देख भक्त भावुक हो गए हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वे अपने इस हाल में भी भक्तों की सेवा कर रहे हैं, वे ज्ञान दे रहे हैं। उनकी सूजी आंखें पूरी तरह नहीं खुल रही है, चेहरा सूजा है और लाल है। चेहरे पर चंदन का तिलक भी नहीं है, उनकी आवाज मानो कांप रही है लेकिन वे देर रात तक भक्तों को प्रवचन दे रहे हैं। वे बता रहे हैं कि आखिर वे इतने कष्ट में भी भक्त सेवा क्यों कर रहे हैं।
वे कहते हैं कि, यह हमारा अभ्यास बन गया है। हम कितने कष्ट में क्यों ना हो ये नहीं छूटता है। वे जब तक अपने आराध्य को याद नहीं कर लेते हैं उन्हें चैन नहीं पड़ता है। ईश्वर आपका श्रम देखकर खुश होते हैं, कामचोरी से नहीं है। ईश्वर आपका श्रम देखते हैं तभी वह हाथ पकड़ते हैं।
यह वायरल वीडियो देख लोग भावुक हो गए और कमेंट करने लगे। एक यूजर ने कहा कि गुरुजी थोड़ा आराम कर लीजिए। आपको इस हालत में देखकर मन में कष्ट होता है। एक अन्य ने लिखा कि यह चेहरा देखकर हम लोगों का चेहरा भी खुश हो जाता था औऱ आज यह चेहरा देखकर पीड़ा हो रही है।
यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रेमानंद जी महाराज को लेकर चिंता जाहिर की है। सोशल मीडिया पर हर तरफ लोग प्रेमानंद जी महाराज के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।