हर शहर में नगर निगम द्वारा एक जगह निर्धारित की जाती है, जहां आप कूड़ा फेंक सकते हैं। हालांकि कुछ जगहें ऐसी भी होती हैं, जहां लोग गंदगी होने के कारण या जबरदस्ती कहीं भी कूड़ा फेंक देते हैं। ऐसा ही भुवनेश्वर के होटल द्वारा किया जा रहा था। होटल का कूड़ा सड़क के किनारे फेंका जा रहा था, इसकी शिकायत नगर निगम में की जा रही थी। नगर निगम कमर्चारियों ने होटल के मालिक को गजब सीख दी है।
होटल की तरफ से सड़क पर फेंका जा रहा था कूड़ा
बताया जा रहा है कि ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में कल्पना स्क्वायर के पास एक होटल की तरफ से सड़क के किनारे कूड़ा फेंका जा रहा था। इसकी शिकायत नगर निगम में लगातार की जा रही थी। गुरुवार को नगर निगम आयुक्त ने ऐसा फैसला लिया कि होटल का मालिक जिन्दगी भर याद रखेगा।
नगर निगम ने उठा ये कदम
भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के आयुक्त विजय अमृता कुलंगे की उपस्थिति में एक ट्राली में कूड़ा भरकर होटल के एंट्री गेट पर फेंकवा दिया गया। इससे पूरे क्षेत्र में होटल की बदनामी हुई, तब जाकर होटल मालिक ने अपनी गलती मानी। मिली जानकारी के मुताबिक, एक होटल को सड़क के किनारे कूड़ा फेंकने पर बंद भी कर दिया गया है।
इसके साथ नगर निगम आयुक्त ने चेतावनी दी है कि अगर होटल और व्यापारी शहर को साफ रखने में सहयोग नहीं करेंगे तो दोबारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि जनता के बीच सफाई को लेकर कड़ा संदेश देने के लिए ऐसा किया गया है, जो भी गंदगी फैलाता मिलेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा सफाई को लेकर चलाये जा रहे अभियान को लोग खूब तारीफ कर रहे हैं और होटल संचालक को सबक सिखाने के लिए जो तरीका अपनाया गया, उसकी भी लोग सराहना कर रहे हैं। नगर निगम की तरफ से लोगों से अपील की गई है कि हम सफाई को लेकर हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लोगों के सहयोग की आवश्यकता है।