अपनी प्रेमिका के सामने प्यार का इजहार कर रहे एक लड़के को एक विचित्र स्थिति का सामना करना पड़ा। लड़का, प्रेमिका के सामने बड़े ही सलीके से एक घुटना जमीन पर लगाते हुए झुककर बैठा। इसके बाद उसने अपनी जेब से एक अंगूठी निकालकर प्रेमिका को पहनाने की कोशिश की। लेकिन अचानक ही लड़के के हाथ से अंगूठी फिसल गई और वहीं कहीं खो गई। ये घटना अमेरिका के मशहूर टाइम्स स्क्वॉयर की है। ये पूरा वाकया सीसीटीवी में कैद हो गया है।

न्यूयॉर्क पुलिस के मुताबिक, दोनों रिंग खो जाने के बाद भी बेहद खुश थे, पुलिस ने जब लड़की से पूछा कि क्या आप टाइम्स स्क्वॉयर पर अपने मंगेतर की खोई हुई अंगूठी चाहती हैं? लड़की ने इसका जवाब हां में दिया। लेकिन लड़का बेहद उत्साहित था और उसने रिंग को वहीं छोड़कर जाने का फैसला किया। बाद में पुलिसकर्मियों ने उसे अंगूठी को ढूंढ लिया। अब न्यूयॉर्क का पुलिस विभाग, वह अंगूठी लौटाने के लिए उस प्रेमी जोड़े को तलाश रहा है।

न्यूयॉर्क पुलिस द्वारा दोनों की तलाश के लिए जारी किए गए सीसीटीवी फुटेज को देखकर पूरे वाकये को समझा जा सकता है। वीडियो में दिखता है कि लड़के के हाथ से रिंग नीचे गिर जाती है वह उसे ढूंढने और उठाने की कोशिश करता है। लेकिन बदकिस्मती के कारण वह रिंग उसे नहीं मिलती है। अब न्यूयॉर्क पुलिस उस प्रेमी जोड़े को तलाश रही है ताकि उन्हें उनकी खोई हुई खुशी और अमानत दोनों वापस की जा सके। जिस खुशी को वह सड़क पर ही छोड़कर आगे बढ़ गए थे।