पूर्व क्रिकेटर और पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू टि्वटर पर सबसे मशहूर पंजाबी नेता बन गए हैं। लोकप्रियता के मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी पीछे छोड़ दिया है। गुरुवार (28 फरवरी, 2019) को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर उनके पांच लाख से अधिक फॉलोअर हो गए। सिद्धू ने इससे तीन महीने पहले ही टि्वटर अकाउंट री-एक्टिवेट किया था।
शुक्रवार (एक मार्च) तक उनके फॉलोअर्स की संख्या 5.14 लाख हो गई, जबकि शनिवार (दो मार्च) को यह आंकड़ा 5.20 लाख था। वहीं, खबर लिखे जाने तक सीएम (मार्च 2011 से टि्वटर पर) को 4.87 लाख लोगों ने टि्वटर पर फॉलो किया था।
लोकप्रिय पंजाबी नेताओं की इस सूची में तीसरा नाम अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल का था, जिन्हें 3.2 लाख लोगों ने फॉलो किया था। चौथे और पांचवें नंबर पर क्रमशः आम आदमी पार्टी (आप) नेता भगवंत मान (2.8 लाख फॉलोअर्स) और सुखबीर की पत्नी व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत बादल (1.5 लाख फॉलोअर्स) हैं।
पंजाब के मंत्री ने इसी बीच गुरुवार को इंस्टाग्राम पर आने का ऐलान भी किया। रोचक बात है कि सिद्धू और सीएम अमरिंदर कांग्रेस में हैं, पर उनके रास्ते और विचार अलग-अलग मालूम पड़ते हैं। सीएम जहां पूर्व सैनिक हैं और पाक को लेकर अक्सर सख्त तेवर में नजर आते हैं। वहीं, क्रिकेट की दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाले सिद्धू खुद को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का दोस्त बताते हैं और दोनों देशों के बीच संवाद और शांति की बात पर बल देने की बातें करते हैं।
PAK सेना प्रमुख के गले लगे सिद्धू, मच गया बवाल; जानें क्या हुई थी दोनों में बातचीत
सिद्धू ने हाल ही में भारतीय पायलट अभिनंदन वर्तमान को देश को सौंपने वाले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के फैसले की सराहना करते हुए उसका स्वागत किया था। इससे पहले, 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले को लेकर दिए एक बयान पर उन्हें खासा विरोध झेलना पड़ा था। यहां तक कि ‘द कपिल शर्मा शो’ से उनकी कुर्सी भी छिन गई थी।
