Mobile Blast News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से डराने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की जेब में रखा स्मार्टफोन ब्लास्ट कर गया। हादसा तब हुआ जब शख्स बाइक चला रहा था। जेब में मोबाइल के ब्लास्ट होने के कारण शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर है कि उसके अंडकोष फट गए।
रिपोर्ट के अनुसार अचानक मोबाइल ब्लास्ट होने के कारण वो बाइक से गिर गया, जिससे उसके सिर में भी चोट आई है। हादसे के बाद उसे आनन फानन नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल वो खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
सब्जी मंडी से सब्जी खरीदकर लौट रहा था गांव
शख्स की पहचान सारंगपुर निवासी अरविंद के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 19 साल है। अरविंद गोलगप्पे बेचकर अपना गुजारा करता है। मंगलवार को वो सब्जी मंडी से सब्जी खरीदकर अपने गांव नैनवाड़ा लौट रहा था।
यह भी पढ़ें – बरेली : प्रसव के दौरान पत्नी की हुई मौत, खबर सुनते ही घर की ओर भागा पति, सड़क हादसे में गई जान
इस दौरान रास्ते में उदनखेड़ी के पास बने टोल प्लाजा के पास उसकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक ब्लास्ट कर गया। इस कारण अरविंद का बैलेंस बिगड़ा और वो बाइक से नीचे गिर गया।
मोबाइल ब्लास्ट के कारण उसके अंडकोष फट गए और सिर में भी गंभीर चोटें आईं। रास्ते से गुजर रहे लोगों की मदद से उसे तुरंत एम्बुलेंस से सारंगपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे शाजापुर रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें – Kanpur Pet Dog Attack: आंगन में टहल रही थी 80 साल की महिला तभी पालतू जर्मन शेफर्ड ने किया अटैक, नोंच-नोंचकर ले ली जान
घटना के संबंध में अरविंद के भाई ने बताया कि उसने हाल ही में एक सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदा था। रात भर चार्जिंग पर रखने के बाद वो सुबह उसे जेब में रखकर सब्जी मंडी गया था। वहीं से लौटते समय यह हादसा हो गया।
शख्स की जान को कोई खतरा नहीं
अस्पताल में अरविंद का इलाज कर रहे डॉ. नयन नागर ने बताया कि उसके अंडकोष फट गए हैं। लेकिन उसकी जान को कोई खतरा नहीं है। बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
इस मामले में सारंगपुर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।